स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष पत्रकारिता जरूरी-CM धामी

NKB Times Launch हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में एनकेबी टाइम्स (NKB Times) का शुभारंभ किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्थान की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद आवश्यक है. उन्होंने उम्मीद जताई कि एनकेबी टाइम्स जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा और पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाएगा.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने के साथ ही आम लोगों की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है. पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनकर उसकी समस्याओं को सामने लाते हैं और उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को जन-जन तक पहुंचाने और इसे निरंतर आगे बढ़ाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि एनकेबी टाइम्स अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगा।

‘सबके राम’ की अवधारणा पर बोले मुख्यमंत्री धामी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सबके राम’ की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय परंपरा में भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम, आदर्श राजा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक माना गया है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, संयम, साहस, सहयोग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श समाज में एकता, सद्भाव और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।

पीएम मोदी के राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में आयोजित श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था।

सीएम धामी ने कहा कि अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं भारत की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करती हैं। ‘सबके राम’ का भाव समाज को जोड़ने, एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखने और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

नमन कृष्ण महाराज ने भी रखे विचार

कार्यक्रम में श्री नमन कृष्ण महाराज ने भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, विधायक सरिता आर्या एवं राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, भावना मेहरा एवं रेणु अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा एनकेबी टाइम्स के निदेशक आदित्य सिसौदिया, सिद्धार्थ सिसौदिया, आशुतोष सिंह एवं गणेश जोशी, कुमाऊं मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Latest news

Related news