’24 घंटे हो गए मोदी जी’ राहुल गांधी ने दिलाई पीएम मोदी को डिबेट चैलेंज की याद, कहा- मोहन भागवत को बना लो जज

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी Rahul Gandhi ने फिर पीएम मोदी पर सीधा निशाना साधा है. अपने पहले पोस्ट जिसमें विदेशी रिश्तों को लेकर उन्होंने पीएम मोदी को बहस की चुनौती दी थी उसके 24 घंटे पूरे होने पर उन्होंने पीएम को फिर अपना चैलेंज याद दिलाया है और इस बार ये तक कहा है कि आप चाहे तो आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को इस बहस का जज बना लें

मोदी को राहुल की चुनौती- देशद्रोही कौन है?

राहुल गांधी ने मंगलवार शाम अपने पोस्ट में नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि आप विपक्ष को देशद्रोही कहते हो, चलिए बहस कर लें कि देशद्रोही कौन है?, राहुल ने लिखा, “24 घंटे हो गए मोदी जी. मैंने आपको चैलेंज दिया है. आप कहते हो कि opposition देशद्रोही है. किसी भी स्टेज पे आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ. देशद्रोही कौन है?“

मोहन भागवत जी को जज बना लो- Rahul Gandhi

राहुल अपनी पोस्ट में यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि अगर पीएम को डर लग रहा है को वो मोहन भागवत जी को इस बहस का जज बना लें. उन्होंने लिखा, “विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत. दोनों मिलेंगे, मीडिया होगी, देश के युवा होंगे, टेबल होगी, एक साइड आप बैठोगे, एक साइड मैं बैठूंगा. जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो. मोहन भागवत जी को बिठा दो, चलो.“

US डील, अडानी और Epstein पर बहस की दी चुनौती

राहुल गांधी ने पीएम मोदी को बहस जिन मुद्दों पर हो वो भी बताए. उन्होंने कहा, “और फिर डिबेट करते हैं. सवाल उठेंगे फाइनेंशियल सिस्टम पर, फाइनेंशियल स्ट्रक्चर पर, US डील कैसे हुई, क्यों हुई, इतनी जल्दी क्यों हुई, सिर्फ आपने क्यों की, कैबिनेट को क्यों नहीं बताया, अडानी का केस बंद क्यों हुआ, Epstein – ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जिसपे खुलकर डिस्कशन होगा. आ जाइए, डरिए मत. दूध का दूध, पानी का पानी कीजिए.”

राहुल ने विदेशी मदद के आरोप पर पीएम से कहा कि वो मानहानि का केस करें

“आप एलिगेशन लगाते हैं ना मेरे ऊपर, आ जाइए, सब साफ हो जाएगा. बाकी चीजों पे आपने defamation केस लगा रखा है, शायद 45 defamation केस मेरे ऊपर हैं. मगर इस डिबेट मामले पे, foreign कनेक्शन पे आप defamation नहीं लगा रहे हो. लगाइए ना, वहाँ भी डिस्कस करेंगे, खुल के। ये सब डिस्कस करते हैं, आइए. हैप्पी दिवाली, मोदी जी.”

मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं- राहुल गांधी

इससे पहले सोमवार को नेता विपक्ष ने पीएम मोदी पर विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बनने और बने रहने का आरोप लगाया था. राहुल ने पीएम को बहस की चुनौती देते हुए कहा था कि, “कोई भी मंच, किसी भी समय. हिम्मत है तो आइए”
राहुल ने अपनी एक्स पोस्ट में लिखा था, “मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए. आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने. और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं. आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में और समर्थन से है. विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है. मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं. कोई भी मंच, किसी भी समय. हिम्मत है तो आइए. आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं.”

आपको बता दें बीजेपी अकसर राहुल गांधी के विदेश दौरों पर सवाल उठाती रही है. बीजेपी ने उन्हें सोरस का एजेंट तक कहा. लेकिन सोमवार को राहुल गांधी के इस खुले चैलेंज के बाद विदेशी रिश्तों को लेकर बीजेपी और पीएम मोदी सवालों के घेरे में हैं और उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया है.

ये भी पढ़ें-त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमला मामले में 3 महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार, जानिये बांग्लादेश बॉर्डर पर क्या हुआ था?

Latest news

Related news