Pushkar Singh Dhamiखटीमा: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के नगला तराई में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का स्मरण करते हुए लोगों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हमें एकजुट होकर धर्म, नैतिकता और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेज रही सरकार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण के साथ ही केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार का काम तेजी से किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पवित्रता, सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है. इसके लिए अवैध अतिक्रमण और छद्म वेशधारियों के खिलाफ भी सरकार सख्त कदम उठा रही है.

गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए किए गए ऐतिहासिक काम
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराने से लेकर हर घर तक नल से जल और गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम किया गया है.
उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है. महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं. वहीं, युवाओं के कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए कहा कि सैनिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही देश की सुरक्षा के लिए सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी निर्णायक कार्रवाई की गई हैं. पूर्व सैनिकों के सम्मान और हितों को ध्यान में रखते हुए वन रैंक, वन पेंशन योजना भी लागू की गई है.
ये रहे मौजूद
रामलीला कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

