Fatehgarh Sahib Fake PCS फतेहगढ़ साहिब : पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से एक शादी,कथित फर्जी पहचान और धोखाधड़ी से जुड़ा मामला सामने आया है. आरोप है कि एक महिला ने खुद को PCS अधिकारी बताकर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अमरिंदर सिंह मंडोफल से शादी की. शादी से पहले महिला और उसके परिवार की ओर से उसके अविवाहित होने और उम्र कम होने का दावा किए जाने की बात कही गई है.
बाद में AAP नेता की ओर से की गई कथित पड़ताल में महिला के पहले से शादीशुदा होने और उसके एक 18 वर्षीय बेटे के होने की जानकारी सामने आने का दावा किया गया. साथ ही उम्र कम दिखाने के लिए दस्तावेजों में कथित हेरफेर के आरोप भी लगाए गए हैं.
मामले में फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने महिला समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Fatehgarh Sahib Fake PCS :अधिकारी होने का किया था दावा
शिकायत के मुताबिक,अमरिंदर सिंह मंडोफल को शादी से पहले महिला और उसके परिवार की ओर से बताया गया था कि वह PCS अधिकारी है. इसके अलावा महिला के अविवाहित होने और उसकी उम्र कम होने की जानकारी दी गई थी.
शादी के बाद जब अमरिंदर सिंह ने मामले की पड़ताल की तो उन्हें कथित तौर पर महिला के पहले से शादीशुदा होने का पता चला. शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला का करीब 18 साल का बेटा है.
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि महिला की उम्र कम दिखाने के लिए दस्तावेजों में भी कथित तौर पर बदलाव किए गए.
शादी के बाद जेवर लेकर फरार होने का आरोप
AAP नेता अमरिंदर सिंह मंडोफल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें महिला और उसके परिवार की ओर से उसकी वास्तविक पहचान और वैवाहिक स्थिति के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद महिला कीमती जेवर और अन्य सामान लेकर घर से चली गई और वापस नहीं लौटी. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की.
महिला समेत छह लोगों पर FIR
पुलिस ने मामले में मनविंदर कौर समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया है.
नामजद आरोपियों में मनविंदर कौर के अलावा उसके भाई तरलोचन सिंह, मां वरिंदरजीत कौर, नरिंदर सिंह गोल्डी, रूपिंदर कौर और गांव के पूर्व सरपंच सुरिंदर सिंह राणा शामिल हैं.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी तरनतारन जिले के भिखीविंड थाना क्षेत्र के सुरसिंह गांव के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस अब आरोपियों की तलाश और मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच में जुटी है.
फरवरी 2026 में हुई थी शादी
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि अमरिंदर सिंह और महिला की शादी फरवरी 2026 में हुई थी और समारोह में आम आदमी पार्टी से जुड़े कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे.
शादी समारोह में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और कैबिनेट मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंद समेत कई राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की बात सामने आई है. समारोह के वीडियो और तस्वीरों में राजनीतिक नेताओं के साथ जश्न मनाते और भांगड़ा करते हुए दृश्य भी दिखाई दिए थे..
पुलिस जांच के बाद सामने आएगा सच
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. कथित फर्जी PCS पहचान, दस्तावेजों में हेरफेर, महिला की पूर्व वैवाहिक स्थिति और घर से जेवर व सामान ले जाने के आरोपों की जांच की जा रही है.

