रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में अमेरिका में हैरी बॉक्सर डिटेन,बॉलीवुड में कई लोगों को धमकाने के मामले में था वांटेड

Harry Boxer Detained in US नई दिल्ली:बॉलीवुड फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है. अमेरिकी अधिकारियों ने उसे कैलिफोर्निया में पकड़ा है. भारतीय जांच एजेंसियों की ओर से साझा किए गए इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है.

हैरी बॉक्सर पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, धमकी, फायरिंग और मारपीट जैसे कई गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं. वह कथित तौर पर अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की आपराधिक गतिविधियों और रंगदारी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था. रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकी देने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था.

दिल्ली पुलिस के इनपुट पर अमेरिका में कार्रवाई

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हैरी बॉक्सर के बारे में अहम जानकारियां अमेरिकी एजेंसियों के साथ साझा की थीं. इसके बाद अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) के अधिकारियों ने कैलिफोर्निया में उसे हिरासत में लिया.

जांच एजेंसियों को शक था कि भारत से बाहर रहकर हैरी बॉक्सर गैंग के लिए रंगदारी वसूलने, कारोबारियों को धमकाने और आपराधिक वारदातों की साजिश रचने में भूमिका निभा रहा था. विदेश में बैठकर भारत में आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है.

रोहित शेट्टी के घर के बाहर कब और कैसे हुई थी फायरिंग?

यह पूरा मामला 1 फरवरी 2026 की देर रात का है. मुंबई के जुहू इलाके में स्थित फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाई थीं. घटना के वक्त रोहित शेट्टी अपने घर में मौजूद थे. हालांकि, इस गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ था.

घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की थी. मौके से साक्ष्य जुटाए गए और आरोपियों की तलाश तेज की गई. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.

इस पोस्ट में शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू के नाम सामने आए थे. पोस्ट में दावा किया गया था कि रोहित शेट्टी को पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया.

फायरिंग के बाद बॉलीवुड की हस्तियों को मिली धमकी

रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के बाद हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकी देने के मामले में भी चर्चा में आया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को चेतावनी दी गई थी.

हैरी बॉक्सर का नाम अभिनेता रणवीर सिंह और निर्देशक रोहित शेट्टी को भेजे गए धमकी भरे ऑडियो संदेशों के मामले में भी सामने आया था. इन संदेशों में कथित तौर पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी.

इसके अलावा, कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आया था. इन घटनाओं ने विदेश में मौजूद गैंगस्टरों के जरिए भारत और दूसरे देशों में आपराधिक नेटवर्क चलाने की आशंकाओं को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई थी.

कौन है हैरी बॉक्सर? कैसे बना लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खास गुर्गा?

हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट (Hari Chand Jat) बताया जाता है. वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर क्षेत्र का रहने वाला है. उसका पैतृक गांव नारायणपुर बताया जा रहा है.

हैरी बॉक्सर को यह नाम जयपुर में बॉक्सिंग सीखने और इस खेल से जुड़े रहने के कारण मिला. अपराध की दुनिया में आने से पहले उसकी जिंदगी सामान्य थी. उसने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम किया.

लेकिन बाद में वह कथित तौर पर अपराधियों के संपर्क में आया और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया. धीरे-धीरे उसका नाम गैंग की गतिविधियों, रंगदारी और धमकी देने के मामलों में सामने आने लगा.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विदेश में रहते हुए वह गैंग के लिए आपराधिक गतिविधियों का संचालन करने वाले लोगों में शामिल था.

हत्या, रंगदारी और फायरिंग समेत कई गंभीर मामले

हैरी बॉक्सर के खिलाफ दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में कई आपराधिक मामलों का जिक्र सामने आया है. इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, हथियारों के इस्तेमाल, फायरिंग और रंगदारी से जुड़े मामले शामिल हैं.

उसका नाम कारोबारियों को धमकाकर मोटी रकम मांगने के मामलों में भी सामने आया है. कुछ रिपोर्ट्स में मध्य प्रदेश के एक कारोबारी से कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का जिक्र किया गया है.

जांच एजेंसियां उसके कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और दूसरे गैंगस्टरों से संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं.

हैरी बॉक्सर से पहले हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया भी अमेरिका में पकड़े गए

हैरी बॉक्सर की हिरासत से पहले अमेरिका में भारतीय एजेंसियों की सूचना पर गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आई थीं.

इन दोनों के खिलाफ भी भारत में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं. विदेश में छिपकर भारत में रंगदारी, धमकी और हिंसक वारदातों के नेटवर्क चलाने के आरोपों के चलते भारतीय एजेंसियां ऐसे अपराधियों पर नजर रख रही हैं.

अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को लेकर भी जांच चल रही है. अमेरिकी न्याय विभाग ने जुलाई 2026 में बिश्नोई गिरोह से जुड़े कथित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई और कई आरोपियों पर मुकदमे की जानकारी दी थी. मतलब इस तरह के नेटवर्क की जांच अब केवल भारत तक सीमित नहीं रह गई है।

अब क्या भारत लाया जाएगा हैरी बॉक्सर?

भारत में खास कर बॉलीवुड में लोगों को धमकियां देने के मामले हैरी बॉक्सर की हिरासत भारतीय जांच एजेंसियों के लिए बेहद अहम है. एजेंसियां अब उसे भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरु करने की तैयारी में हैं.

भारत की एजेंसियां अमेरिकी अधिकारियों के साथ समन्वय करके उसके खिलाफ दर्ज मामलों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर करेगी. जरूरत पड़ने पर प्रत्यर्पण या अन्य कानूनी प्रक्रिया का सहारा लिया जा सकता है.

Latest news

Related news