CM योगी का 2 दिवसीय वाराणसी दौरा: काशी विश्वनाथ के करेंगे दर्शन,शिक्षकों को देंगे कैशलेस इलाज की सौगात

CM Yogi Varanasi Visit वाराणसी :  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार से दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंच रहे हैं. अपने इस दौरे के बीच मुख्यमंत्री धार्मिक, प्रशासनिक और सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे. इसके अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्र के आवास पर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे.

CM Yogi Varanasi Visit:शाम 6 बजे पहुंचेंगे सीएम 

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम करीब 6 बजे वाराणसी पहुंचेंगे. आगमन के बाद उनका पहला कार्यक्रम बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का रहेगा. इसके बाद वे काशी के कोतवाल माने जाने वाले काल भैरव मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगे. वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री का यह धार्मिक कार्यक्रम हमेशा की तरह विशेष महत्व का माना जा रहा है.

मंत्री दयाशंकर मिश्र के घर मांगलिक कार्यक्रम में होंगे शामिल

धार्मिक दर्शन के बाद मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर मिश्र के आवास पर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद उनका रात्रि विश्राम वाराणसी में ही निर्धारित है.

शिक्षकों को मिलेगी कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की सौगात

बुधवार को मुख्यमंत्री चांदमारी स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित समारोह में प्रदेश के शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का शुभारंभ करेंगे. इस योजना का उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर और आसान स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है.

विकास परियोजनाओं और कानून-व्यवस्था की करेंगे समीक्षा

अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अधिकारियों के साथ बैठक कर वाराणसी की कानून-व्यवस्था, विकास परियोजनाओं और जनहित योजनाओं की समीक्षा भी कर सकते हैं. माना जा रहा है कि कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा होगी.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कई मार्गों पर रूट डायवर्जन

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. शहर के प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है. मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान से लगभग 45 मिनट पहले संबंधित मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा. सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है.

Latest news

Related news