Uttarakhand DPC Election 2026 देहरादून: उत्तराखंड में जिला योजना समितियों के सदस्यों के सामान्य निर्वाचन की प्रक्रिया जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। इसी दिन मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी, जो कार्य समाप्ति तक चलेगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, हरिद्वार जिला पंचायत के संपूर्ण क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश के अन्य जनपदों में निर्धारित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों से जिला योजना समितियों के सदस्यों का सामान्य निर्वाचन कराया जाएगा।
Uttarakhand DPC Election 2026:14 अक्टूबर तक नाम वापस लेने का मौका
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. उम्मीदवारों को 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा.
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा. इसके बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी.
जिला मजिस्ट्रेटों को जारी किए गए निर्देश
राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित जिला मजिस्ट्रेटों को निर्वाचन अधिकारी के रूप में सार्वजनिक सूचना जारी करने के निर्देश दिए हैं. चुनाव से संबंधित सूचना जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत मुख्यालय और नगरीय निकायों के सूचना पट्टों पर भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि संबंधित क्षेत्रों के लोगों और उम्मीदवारों को निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी मिल सके.
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी आचार संहिता
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचना जारी होने की तारीख से निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी. इस अवधि में चुनाव से संबंधित नियमों और निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा.
जिला योजना समितियों के सदस्यों का यह निर्वाचन प्रदेश के निर्धारित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में कराया जाएगा. निर्वाचन आयोग ने संबंधित अधिकारियों को तय कार्यक्रम के अनुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं.

