उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी से मुश्किल हालात,गौमुख-तपोवन समेत सभी ट्रैक रूटों पर फिलहाल रहेगी रोक

Snowfall in Uttarakhand : उत्तरकाशी/देहरादून: उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम के बदले मिजाज और भारी बारिश व बर्फबारी के चलते हालात चुनौतीपूर्ण हो गए हैं. लगातार हो रहे हिमपात और बारिश के कारण उत्पन्न खतरों को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. गंगोत्री राष्ट्रीय पार्क प्रशासन ने पर्यटकों और ट्रेकर्स की सुरक्षा के मद्देनजर गौमुख-तपोवन, केदारताल और गरतांग गली समेत सभी प्रमुख ट्रेकिंग रूटों पर अग्रिम आदेश तक पूरी तरह से रोक लगा दी है.

Uttrakhand Gomukh Tapovan
Uttrakhand Gomukh Tapovan

Snowfall in Uttarakhand:अत्यधिक हिमपात से रास्तों पर बढ़ा खतरा

पार्क प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, बीते 26 और 27 सितंबर को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा के साथ-साथ भारी हिमपात दर्ज किया गया. इस अचानक हुए मौसम परिवर्तन के कारण गंगोत्री-गौमुख-तपोवन, गरतांग गली और केदारताल सहित पार्क क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ट्रेकिंग मार्गों की स्थिति बेहद जोखिमपूर्ण हो गई है.

Gartang Gali Marg
गरतांग गली मार्ग , उत्तराखंड

फिसलन और मार्ग बाधित होने की आशंका

उच्च पर्वतीय चोटियों पर पर्वतारोहण और ट्रेकिंग के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए मार्ग की परिस्थितियां काफी कठिन हो गई हैं. बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर पगडंडियों पर बर्फ जम गई है, जिससे फिसलन अत्यधिक बढ़ गई है और रास्तों के बाधित होने का खतरा मंडरा रहा है.

पर्यटकों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता

गंगोत्री राष्ट्रीय पार्क प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों, ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों की जान-माल की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. मौसम के अनुकूल होने और मार्गों की स्थिति सामान्य होने तक पार्क क्षेत्र में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. प्रशासन ने सभी ट्रेकिंग एजेंसियों और सैलानियों से इस आदेश का पालन करने की अपील की है.

Latest news

Related news