UK Ramgarh Accident: रामगढ़: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भवाली से मुक्तेश्वर जा रहा पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर मल्ला रामगढ़ के पास करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि 19 पर्यटक घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं, पुरुष और एक 10 माह का बच्चा भी शामिल है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और भारी बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खड़ी पहाड़ी और गहरी खाई के कारण राहत एवं बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
UK Ramgarh Accident : पैराफिट तोड़कर खाई में गिरा टेंपो ट्रैवलर
जानकारी के अनुसार, पर्यटकों का टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
बताया जा रहा है कि अनियंत्रित टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद वाहन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ और पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने मानव शृंखला बनाकर घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की।
भारी बारिश के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। लगातार हो रही बारिश और खड़ी पहाड़ी के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा।
रेस्क्यू टीमों ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया।
हादसे में घायल लोगों में 12 पुरुष, 8 महिलाएं और 10 महीने का एक बच्चा शामिल बताया गया है। सभी पर्यटक दिल्ली और फरीदाबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
दो घायलों ने रास्ते में तोड़ा दम
सीएचसी रामगढ़ के चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रदीप पांडे के अनुसार, 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं 26 वर्षीय प्रदीप को गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
वहीं हादसे में वाहन के नीचे दबे अभिषेक को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
इन घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में घायल मनीष, तुषार, रितिका, अंजलि, अजय, सोनिया, मिष्ठी, मयंक, यश और पायल समेत अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। गंभीर घायलों को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है।
उत्तराखंड में बारिश के बीच बढ़ा सड़क हादसों का खतरा
उत्तराखंड में इन दिनों बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी होने के साथ कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

