Uttarakhand Development Projects देहरादून : प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, संपर्क मार्गों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है. सीएम धामी ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत जारी विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के निष्पादन के लिए ₹496 करोड़ की भारी-भरकम वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है.
समग्र शिक्षा अभियान के लिए ₹445.92 करोड़ की बड़ी धनराशि
स्वीकृत की गई कुल राशि का सबसे बड़ा हिस्सा प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में खर्च होगा. मुख्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित ‘समग्र शिक्षा योजना’ के अंतर्गत प्रारंभिक व माध्यमिक विद्यालयों तथा शिक्षक शिक्षा की स्थापना के लिए वेतन और भत्तों आदि की अवशेष धनराशि ₹445.92 करोड़ को मंजूरी दे दी है. इससे प्रदेश के हजारों शिक्षकों व कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा.
कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज: कांगड़ा घाट का होगा विस्तार
हरिद्वार में आयोजित होने वाले ‘कुंभ मेला-2027’ को ध्यान में रखते हुए धामी सरकार ने अभी से वित्तीय प्रबंध शुरू कर दिए हैं:
कांगड़ा घाट का विस्तारीकरण: जनपद हरिद्वार के बहादराबाद विकासखंड में गंगा नहर के दाएं पार्श्व पर स्थित कांगड़ा घाट के विस्तार के लिए ₹8.43 करोड़ की स्वीकृति दी गई है.
फर्नीचर और व्यवस्थाएं: व्यय वित्त समिति की सिफारिश पर कुंभ मेले के दौरान किराये के आधार पर फर्नीचर और सजावटी कपड़ों आदि की व्यवस्था के लिए ₹14.57 करोड़ का अनुमोदन किया गया है.
सड़क नेटवर्क और हेलीपैड निर्माण को हरी झंडी
प्रदेश के पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में आवाजाही को आसान बनाने के लिए सड़कों और हेलीपैड के लिए भी बड़ा बजट पास किया गया है:
हेलीपैड निर्माण: पौड़ी गढ़वाल के लैंसडौन (रिखणीखाल) में ₹13.50 लाख से हेलीपैड और नैनीताल के डौन परेवा में ₹8.30 लाख से हेलीपैड का निर्माण होगा.
सड़क सुधारीकरण व डामरीकरण:
टिहरी गढ़वाल: प्रतापनगर के जखेड़ से सुमाड़ी कपरोली तक नए मोटर मार्ग निर्माण हेतु ₹2.04 करोड़.
पिथौरागढ़: गणाई बनकोट मार्ग से भट्टीगांव तारसिमोली मार्ग के विस्तार व डामरीकरण के लिए ₹4.09 करोड़ और डीडीहाट में ₹61.39 लाख की लागत से संपर्क मार्ग का निर्माण.
देहरादून: चकराता के उद्पाल्टा-उपरौली मोटर मार्ग के रखरखाव के लिए ₹1.91 करोड़ तथा मसूरी कैंट क्षेत्र में पेयजल सुधार हेतु ₹3.07 करोड़ की योजना स्वीकृत.
नैनीताल व उधमसिंह नगर: भीमताल में कसियालेख हरिनगर अक्सोडा मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण के लिए ₹3.82 करोड़ और खटीमा के प्रतापपुर में 6 किमी हॉट मिक्स रोड निर्माण के लिए ₹3.84 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं.
चंपावत व अन्य क्षेत्र: लोहाघाट-बाराकोट-सिमलखेत-काफलीखान मार्ग के सुधारीकरण हेतु ₹4.94 करोड़ और लोहाघाट के मूलाकोट इंटर कॉलेज तक टाइल्स निर्माण हेतु ₹46.46 लाख की मंजूरी मिली है.
धार्मिक पर्यटन का विकास
धार्मिक स्थलों के सौंदर्यकरण को बढ़ावा देते हुए टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर स्थित हुणेश्वर महादेव मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला/कक्षों तथा शौचालयों के निर्माण और परिसर के सौंदर्यकरण हेतु ₹98.77 लाख स्वीकृत किए गए हैं.

