नारनौल। रोटरी क्लब नारनौल सिटी ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट 'रोटरी रसोई' का विस्तार करते हुए शरद पूर्णिमा के अवसर पर मोबाइल किचन 'अन्नपूर्णा रथ' की शुरुआत की है। इस विशेष रथ के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को मात्र 10 रुपये में गर्म, स्वच्छ और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस सुविधा का सीधा लाभ नागरिक अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, श्रमिकों और असहाय लोगों को मिलेगा।
विधायक ओमप्रकाश यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने 'अन्नपूर्णा रथ' को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण बताया।
नर सेवा ही नारायण सेवा का संदेश
अपने संबोधन में विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना बेहद पुण्य का काम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस प्रकार की सामाजिक पहल अन्य संस्थाओं को भी जनसेवा और कल्याणकारी कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।

