मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएँ सोमवार सुबह एक तकनीकी समस्या के कारण बाधित हो गईं। मुलुंड और ठाणे रेलवे स्टेशनों के बीच ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) से एक बाहरी तार लटकता हुआ पाए जाने के बाद सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर उपनगरीय ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इस अचानक आई तकनीकी खराबी के चलते सुबह दफ्तर और अन्य कार्यों के लिए निकलने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने स्थिति को सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।

