मुंबई में पकड़ा गया पुलिस का वांछित पूर्व नक्सली, इंसास राइफल और कारतूस मिलने से हड़कंप

जशपुर| छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन सीपीआई (माओवादी) से जुड़े एक पूर्व नक्सली और उसके शातिर साथी को महाराष्ट्र की मायानगरी मुंबई से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अत्याधुनिक इंसास राइफल, एक देसी राइफल, अवैध कारतूसों के साथ-साथ एक तलवार भी बरामद की है। आरोप है कि पकड़े गए इन आरोपियों ने इसी इंसास राइफल के बल पर जंगल में घूम रहे एक प्रेमी जोड़े के परिजनों से 35,000 रुपये और जंगल में मशरूम (कुटकी) चुनने गए निर्दोष ग्रामीणों से 5,000 रुपये की अवैध वसूली और लूटपाट की थी।

जंगल की सघन तलाशी के दौरान बरामद हुए थे खतरनाक हथियार

इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बीती 11 जून को कोतवाली पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के बूमतेल स्थित सरनाटोली के घने जंगल में दो संदिग्ध हथियारबंद व्यक्ति स्थानीय लोगों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली कर रहे हैं। इस पुख्ता सूचना के आधार पर जशपुर पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए पूरे जंगल की चारों तरफ से घेराबंदी की और एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि, उस वक्त शुरुआती तलाशी में कोई संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के हाथ नहीं लग सका, लेकिन जब जंगल की गहराई से छानबीन की गई तो पुलिस को झाड़ियों के बीच से एक इंसास राइफल, एक देसी राइफल, एक देसी कट्टा, 6 जिंदा कारतूस और एक तलवार लावारिस हालत में बरामद हुई।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू हुई थी जाँच

इस गंभीर मामले में कोतवाली पुलिस ने तुरंत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट (शस्त्र अधिनियम) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गहन जाँच-पड़ताल शुरू कर दी। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से की गई जाँच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर ली। इनकी पहचान झारखंड राज्य के गुमला जिले के रायडीह थाना अंतर्गत लूंगा गांव के रहने वाले हृदय साहू उर्फ मांगू और गुमला जिले के ही कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के सकरा गांव के रहने वाले 36 वर्षीय पलटू दास के रूप में हुई।

मुंबई में छिपकर बैठा था आरोपी, पुलिस ने ऐसे दबोचा

घटना के खुलासे के बाद जशपुर पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी हृदय राम को तो उसके पैतृक गांव से ही धर दबोचा था, लेकिन उस समय दूसरा आरोपी पलटू दास पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा था। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, इसके बाद जशपुर पुलिस की विशेष साइबर टीम और मुखबिर तंत्र को लगातार उसकी तलाश में लगाया गया। पुख्ता सूचना मिली कि फरार आरोपी पलटू दास महाराष्ट्र के मुंबई शहर में कहीं छिपकर रह रहा है। इस सटीक जानकारी के आधार पर कोतवाली थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख के नेतृत्व में जशपुर पुलिस की एक विशेष टीम ने मुंबई में डेरा डाला और जाल बिछाकर आखिरकार वांछित आरोपी पलटू दास को धर दबोचा।

Latest news

Related news