Amritsar Power Cut : पंजाब में बिजली कटौती की समस्या से गुस्साए लोगों के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया. अमृतसर के गांव वडाला भिट्ठे में अघोषित कटों से परेशान ग्रामीणों ने स्थानीय बिजली घर पर धावा बोल दिया. आक्रोशित भीड़ ने न केवल पावर हाउस में जमकर हंगामा किया, बल्कि खुद ही छेड़छाड़ कर बिजली की सप्लाई भी शुरू कर दी.
Amritsar Power Cut : गेट तोड़कर अंदर घुसे ग्रामीण,कर्मचारियों के साथ मारपीट
मौके पर मौजूद बिजली विभाग के कर्मचारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि करीब 20 से 25 लोग अचानक बिजली घर में घुस आए। ग्रामीणों का गुस्सा इतना अधिक था कि उन्होंने मुख्य गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया. ड्यूटी पर तैनात कर्मियों का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ में शामिल कुछ लोग नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे.
अधिकारियों के आदेश का उल्लंघन
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली की कटौती उच्च अधिकारियों से मिले दिशा-निर्देशों के आधार पर की गई थी. हालांकि, ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनी और जबरन फीडर रूम में घुसकर बंद पड़ी सप्लाई को चालू कर दिया. इस घटना के बाद से बिजली घर के कर्मचारियों में भारी डर और असुरक्षा का माहौल है.
पुलिसिया कार्रवाई और मांग
घटना की सूचना मिलते ही थाना कंबो पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिजली विभाग की शिकायत दर्ज कर ली गई है. सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है.
सुरक्षा की मांग:
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने प्रशासन से रात की ड्यूटी के दौरान सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे काम बंद करने पर मजबूर होंगे.

