नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई टिप्पणी पर विवाद गहराता जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बयान पर कड़ा एतराज जताते हुए इसे राजनीति की गरिमा और पूरे देश का अपमान करार दिया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने खरगे से बिना शर्त माफी की मांग करते हुए देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है।
व्यक्तिगत मर्यादा की सीमाएं न लांघें: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह मामला केवल किसी व्यक्ति या परिवार का नहीं, बल्कि पूरे भारत के सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नीतियों पर सवाल उठाना, विरोध जताना और सरकार की आलोचना करना स्वीकार्य है, लेकिन किसी को भी व्यक्तिगत मर्यादा की सीमाएँ नहीं लांघनी चाहिए। राजनाथ सिंह ने सलाह देते हुए कहा कि कांग्रेस न केवल राजनीतिक रूप से कमजोर हुई है, बल्कि उसका वैचारिक पतन भी हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी बयानबाजी से प्रधानमंत्री मोदी जनता की सेवा के अपने संकल्प से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस से बिना शर्त माफी की मांग और देशव्यापी प्रदर्शन
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों के आड़ में किसी के परिवार और दिवंगत परिजनों को घसीटना बेहद निंदनीय है। पार्टी ने खरगे से बिना शर्त माफी की मांग की है और आरोप लगाया कि अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने के बाद भी कांग्रेस नेता इसका बचाव कर रहे हैं। इसके विरोध में भाजपा ने अपनी सभी राज्य इकाइयों को शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरकर देशव्यापी प्रदर्शन करने के निर्देश जारी किए हैं।

