Weather Update (TBN Desk) : देशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. एक ओर उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली ने तबाही मचा रखी है, वहीं दूसरी ओर मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं. बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में बारिश और वज्रपात से जुड़े हादसों में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं.
Weather Update:यूपी में बारिश के बीच हादसे,7 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है. राजधानी लखनऊ समेत 15 जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई. मिर्जापुर में भारी बारिश के बाद एक अंडरपास में करीब तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ.
फिरोजाबाद में दर्दनाक हादसे में ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिरने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं बस्ती और महराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की जान चली गई.
बिहार में आंधी-बारिश और वज्रपात का कहर
बिहार के 15 जिलों में तेज आंधी और बारिश के बीच बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं. सीतामढ़ी, मुंगेर और पटना में वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग झुलस गए. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से तीन की मौत
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई. स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
मध्य प्रदेश और गुजरात में धीमा पड़ा मानसून
24 जून को प्रवेश करने के बाद मध्य प्रदेश और गुजरात में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है. हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 जुलाई तक मानसून पूरे देश में फैल जाएगा. सोमवार को मध्य प्रदेश के 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई.
पूर्वोत्तर में बाढ़ और भूस्खलन से हालात गंभीर
लगातार हो रही बारिश के कारण पूर्वोत्तर भारत में बाढ़ की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.अरुणाचल प्रदेश में लेकू नदी के उफान का असर असम के जोनाई क्षेत्र में देखने को मिला, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-515 जलमग्न हो गया. असम के छह जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और 22 हजार से अधिक लोग इसकी चपेट में हैं. धेमाजी जिला सबसे अधिक प्रभावित बताया जा रहा है, जहां करीब 16 हजार लोग प्रभावित हुए हैं.
कई राज्यों में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा
बारिश के बीच देश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप भी जारी है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। हरियाणा के रोहतक में सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग का ताजा अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है.
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने और भीषण गर्मी में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.





