महाराष्ट्र ATS का बड़ा एक्शन, 10 दिन से ठाणे में रह रहा संदिग्ध नक्सली पकड़ा गया

ठाणे। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते यानी एटीएस ने राज्य के ठाणे जिले के ठाकुरली क्षेत्र से एक संदिग्ध नक्सली को धर दबोचा है। झारखंड सरकार ने इस कुख्यात नक्सली की गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपये का इनाम रखा था। आरोपी की पहचान 45 वर्षीय संजय सरोज यादव, जो संजय गोडरे और बुधराम के नाम से भी जाना जाता है, के रूप में हुई है।

झारखंड का रहने वाला है आरोपी

एटीएस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि संजय सरोज यादव मूल रूप से झारखंड के घने जंगलों का रहने वाला है। गिरफ्तारी से पहले वह पिछले करीब 10 दिनों से ठाणे के ठाकुरली इलाके में ही छिपा हुआ था। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही हैं कि आखिर उसके यहां आने का असली मकसद क्या था और वह इतने दिनों तक इस रिहायशी इलाके में किसकी मदद से रुका हुआ था।

कोर्ट में होगी पेशी और आगे की पूछताछ

कार्रवाई के बाद आरोपी को आज ही विशेष एटीएस अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस और खुफिया एजेंसियां रिमांड पर लेकर उससे गहन पूछताछ करेंगी ताकि महाराष्ट्र में उसके छिपे होने के उद्देश्यों और उसके अन्य संभावित साथियों या संपर्कों का सुराग लगाया जा सके।

Latest news

Related news