दिल्ली: यमुना नदी में नहाने गए चार नाबालिग बच्चों के तेज बहाव में बह जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। यह दर्दनाक हादसा बाहरी उत्तरी दिल्ली के अलीपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हिरंकी गांव के पास ठोकर नंबर 24 के नजदीक हुआ।
यमुना में नहाने गए पांच दोस्तों में से चार डूबे
रविवार की शाम पांच नाबालिग दोस्त यमुना नदी में नहाने के लिए ठोकर नंबर 24 पर पहुंचे थे। पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण चार बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए। नदी की तेज लहरों में फंसकर चारों बच्चे देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए और गहरे पानी में समा गए।
किनारे खड़े पांचवें बच्चे ने शोर मचाकर मांगी मदद
जब चारों बच्चे डूबने लगे, तो किनारे पर मौजूद उनके पांचवें दोस्त लकी (14 वर्ष) ने शोर मचाना शुरू किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक नदी का तेज बहाव चारों बच्चों को अपने साथ बहा ले जा चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
हादसे की जानकारी रविवार शाम लगभग 07:46 बजे पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और डीडीएमए की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रविवार रात को कई घंटों तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरे और कम विजिबिलिटी के कारण रात करीब 10:30 बजे ऑपरेशन को अस्थाई रूप से रोकना पड़ा।
हादसे के दूसरे दिन भी तलाश जारी, जांच में जुटी पुलिस
लापता बच्चों की पहचान राहुल (15), अंशु (15), सौरभ (15) और अमनदीप (15) के रूप में हुई है। हादसे के दूसरे दिन भी रेस्क्यू टीमों द्वारा बच्चों की तलाश में सघन अभियान चलाया जा रहा है, हालांकि अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अलीपुर थाना पुलिस मामले की पूरी बारीकी से जांच कर रही है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

