संतोष भदौरिया उर्फ कानपुर वाले करौली सरकार. ये वही हैं जिनकी पोल हमने कुछ वक्त पहले खोली थी. उनका आपराधिक इतिहास से लेकर एक ठग से चमत्कारी बाबा बनने का पूरा सफर आपको बताया था. जो लोग वो वीडियो नहीं देख पाए उसका लिंक आपको नीचे मिल जाएगा .
खैर कुछ भी कहिये लेकिन ये बाबा थोड़ा टेढ़ा है. देश के बड़े बड़े आध्यात्मिक गुरु जिनपर BJP नेताओं की विशेष कृपा रहती है फिर चाहे बात बाबा धीरेन्द्र की हो या राम रहीम की हो प्रधानमंत्री से सीधे भेंट करनेवाले सद्गुरु बाबा की . ये तमाम आध्यात्मिक गुरु BJP के काफी ख़ास रहे हैं . लेकिन कानपुर वाले इस बाबा ने तो BJP को ही चूना लगा दिया . वो कैसे आइये बताते हैं.
बीजेपी नेता के फ्लैट पर किया कब्जा
दरअसल करौली बाबा पर फर्जी रजिस्ट्री कराकर लोन लेने का आरोप है. ये आरोप लगाने वाले कोई और नहीं बल्कि BJP के नेता हैं . आरोप है कि संतोष भदौरिया और उसके गुर्गों ने बीजेपी नेता के फ्लैट पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया था. बीजेपी नेता रवि सतीजा अब इंसाफ के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं.
अब आगे की कहानी बताने से पहले ज़रा जान लीजिये बाबा का इतिहास क्या रहा है .संतोष सिंह भदौरिया करौली बाबा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बारह सगवर के रहने वाले हैं. बाबा का पेशा अपनाने से पहले वह किसान नेता रह चुके हैं. यहाँ तक की इस बाबा पर हत्या समेत NSA के तहत आरोप और कार्रवाई हो चुकी है . इनपर कई ज़मीनों पर ज़बरन कब्ज़ा करने का मामला भी सामने आ चुका है.
कई बड़े दावे कर चुका है करौली बाबा
सिर्फ यही नहीं करौली बाबा के दावे तो इतने बड़े हैं कि सुनकर आप यकीन तो क्या करेंगे लेकिन हंसना तक भूल जाएंगे. रूस यूक्रेन युद्ध शांत कराने से लेकर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव को ठीक कर देने और उमेश पाल के शूटरों को ढून्ढ निकलने या उनका पता बताने तक ऐसे कई दावे करौली बाबा पहले कर चुके हैं जिनकी वजह से संतोष भदौरिया का नाम सुर्ख़ियों में छाया था .
आजकल किसान नेता संतोष सिंह भदौरिया बाबा बनकर प्रवचन करने लगे हैं. उनका आश्रम करोड़ों के साम्राज्य जैसा है. इस आश्रम को लेकर भी बाबा पर आरोप है कि उन्होंने कागज़ातों में हेराफेरी कर के ये करोड़ों का आश्रम खड़ा किया है. खैर ये सब तो जांच का विषय है पर ना जाने ये जांच होगी कब.

हाल ही में उन पर नोएडा के एक डॉक्टर के साथ मारपीट और वसूली का आरोप लगा था. दो दिन पहले वह अपनी फीस बढ़ाए जाने को लेकर भी सुर्खियों में थे. जिसमें बताया जाता है कि उन्होंने अब हवन की फीस डेढ़ लाख से बढ़ाकर ढाई लाख कर दी है.
ऐसे में फिर एक नए विवाद ने इस छुपे रुस्तम बाबा का नया कांड सामने ला दिया. कानपुर के बर्रा में भाजपा नेता रवि सतीजा ने भी करौली सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि पहले संतोष भदौरिया ने उनके फ्लैट पर कब्जा कर लिया. पुलिस से शिकायत के बावजूद रसूख के चलते उनके, बैंक प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. रवि ने बताया कि उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा से 2004 में मोतीझील के सामने नादरी कॉर्नर की चौथी मंजिल के दो नंबर फ्लैट की रजिस्ट्री कराई थी. वे चुनाव के सिलसिले में उत्तराखंड में थे, तभी संतोष ने गुर्गों के साथ मिलकर फ्लैट पर कब्जा कर लिया. बाद में उन पर रिपोर्ट दर्ज करा दी. हालांकि, पुलिस ने सच्चाई जानकर उनका नाम रिपोर्ट से हटा दिया था. इस मामले में अब उन्होंने पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की है.
गोविंदा से भी है बाबा का कनेक्शन

वैसे बाबा की फैन फॉलोइंग का अंदाजा तो आप इसी बात से लगा सकते हैं कि इनके दरबार में कई सुपरस्टार्स भी हाज़िरी लगा चुके हैं . जी हां लवकुश आश्रम में बीते साल 26 जनवरी को बॉलीवुड स्टार गोविंदा भी पहुंचे थे. सोशल मीडिया पर अब उनका वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में गोविंदा पत्नी के साथ बाबा से बात करते और उसके पैर छूकर नमन करते नजर आए थे. बताया जाता है कि आश्रम के अंदर एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग भी की जा चुकी है.
एक बेटे से किया उसकी मां के प्राणों का सौदा
सिर्फ इतना ही नहीं बाबा पर अब तो धोखाधड़ी के आरोप भी लगने लगे हैं. गुजैनी एफ ब्लॉक रहने वाले अजय राठौड़ ने बताया कि कैंसर पीड़ित मां सुषमा को ठीक करने का दावा करके हवन, पूजन के नाम पर दो लाख रुपये खर्च करवा लिए. इसके बाद भी मां की जान नहीं बच सकी. इस मामले ने एक तरफ जहाँ बाबा के पाखंड को सामने दिया वहीं दूसरी तरफ हिंदुत्व के नाम पर हिन्दू धर्म और आस्था से जुड़े लोगों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाया है.
तो हिंदुत्व के नाम पर इस तरह ठगी करने वाले को आप क्या कहेंगे, हिंदुत्व का रक्षक या भक्षक ये आप पर है.

