Ram Mandir Trust Deputy CEO: अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किये जा रहे हैं. रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में नियुक्त किए जाने के बाद अब ट्रस्ट में संयुक्त कार्यकारी अधिकारी यानी डिप्टी CEO की भी तैनाती की तैयारी है. ट्रस्ट के नवनियुक्त महासचिव महंत गोविंद देव गिरि ने बताया कि डिप्टी CEO के चयन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और उपलब्ध पैनल में से ही उपयुक्त नाम का चयन किया जाएगा.
Ram Mandir Trust Deputy CEO:पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ डिप्टी CEO के नाम पर मंथन
महंत गोविंद देव गिरि ने अपने पहले वक्तव्य में बताया कि डिप्टी CEO के चयन के लिए गठित सर्च कमेटी ने काफी मेहनत और पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया पूरी की है. कमेटी ने संभावित नामों का पैनल तैयार किया है. अब ट्रस्ट अपनी आवश्यकता के अनुरूप इस पैनल में से उपयुक्त व्यक्ति का चयन करेगा.
उन्होंने सर्च कमेटी के सदस्यों जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और वैज्ञानिक एवं उद्योगपति सुरेश हावड़े के प्रति आभार जताया.
ट्रस्ट के प्रवक्ता की तलाश अभी जारी
राम मंदिर ट्रस्ट के प्रवक्ता की नियुक्ति को लेकर भी महासचिव ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि प्रवक्ता पद के लिए उपयुक्त नाम की तलाश अभी पूरी नहीं हुई है. ऐसे में फिलहाल इस नियुक्ति को स्थगित रखा गया है. उपयुक्त नाम तय होते ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी.
ट्रस्ट में तीन नए ट्रस्टियों की नियुक्ति का भी महंत गोविंद देव गिरि ने स्वागत किया. उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारियों और नई प्रशासनिक व्यवस्था के साथ ट्रस्ट के कामकाज को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा.
अयोध्या को विश्व की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का लक्ष्य
महंत गोविंद देव गिरि ने कहा कि ट्रस्ट के सामने केवल राम मंदिर की व्यवस्थाओं को संभालने की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि अयोध्या को विश्व की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करना भी एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है.
उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. ऐसे में राम मंदिर परिसर का वातावरण, दर्शन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाएं और सेवा पद्धति लगातार बेहतर बनानी होगी. ट्रस्ट का प्रयास होगा कि राम मंदिर की सेवा व्यवस्था देश-दुनिया के लिए अनुकरणीय बने.
उन्होंने नवनियुक्त ट्रस्टी डॉ. निर्मला यादव का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से ट्रस्ट में एक नई पूर्णता आई है.
अयोध्या पहुंचे नए CEO जितेंद्र मिश्रा, रामलला के किए दर्शन
इधर, राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO जितेंद्र मिश्रा गुरुवार को अयोध्या पहुंचे.अयोध्या एयरपोर्ट से वह सीधे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र भवन गए. वहां सामान रखने के बाद वह रामलला के दर्शन के लिए रवाना हुए.
रामलला के दर्शन करने के बाद जितेंद्र मिश्रा रामघाट स्थित कार्यशाला पहुंचे. यहां उनकी मुलाकात ट्रस्ट के महासचिव महंत गोविंद देव गिरि समेत अन्य पदाधिकारियों से हुई. ट्रस्ट के अधिकारियों ने नए CEO का स्वागत किया।
CEO के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद जितेंद्र मिश्रा की यह अयोध्या की पहली यात्रा है। उनकी नियुक्ति के बाद अब ट्रस्ट की प्रशासनिक गतिविधियों को नए स्वरूप में आगे बढ़ाने की उम्मीद है।
चंपत राय से मिले महंत गोविंद देव गिरि
नवनियुक्त महासचिव महंत गोविंद देव गिरि भी गुरुवार को अयोध्या के कारसेवकपुरम पहुंचे. यहां उन्होंने पूर्व महासचिव चंपत राय से मुलाकात की. दोनों के बीच राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातचीत हुई.
इसी दौरान डॉ. अनिल मिश्र भी कारसेवकपुरम पहुंचे थे, हालांकि कुछ देर बाद वह वहां से वापस लौट गए.
बढ़ती श्रद्धालु संख्या के बीच बड़ी जिम्मेदारी
जितेंद्र मिश्रा के सामने राम मंदिर की बढ़ती व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी. इसमें श्रद्धालुओं की सुविधाएं, मंदिर से जुड़े प्रशासनिक कार्य, तीर्थ क्षेत्र की व्यवस्थाओं का समन्वय और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रबंधन को मजबूत करना शामिल है.
डिप्टी CEO की नियुक्ति के बाद प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारियों का और बेहतर बंटवारा होने की उम्मीद है. वहीं प्रवक्ता की नियुक्ति के लिए उपयुक्त नाम की तलाश पूरी होने के बाद ट्रस्ट की नई संचार व्यवस्था भी स्पष्ट हो सकती है.
राम मंदिर ट्रस्ट में CEO और डिप्टी CEO की नई प्रशासनिक व्यवस्था का उद्देश्य अयोध्या में बढ़ती धार्मिक गतिविधियों और श्रद्धालुओं की संख्या के बीच प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाना माना जा रहा है. जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति और डिप्टी CEO के चयन की प्रक्रिया के साथ ट्रस्ट अब राम मंदिर की व्यवस्थाओं को नए प्रशासनिक ढांचे में आगे बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है.

