दीपक अग्रवाल ने संभाला मोर्चा, खाद्य विभाग की कार्रवाई में 3 लाइसेंस निलंबित

रायपुर। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को राजधानी में बड़े पैमाने पर सघन जांच अभियान चलाया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया द्वारा दिए गए कड़े निर्देशों के अनुपालन में नियंत्रक दीपक अग्रवाल स्वयं विभागीय टीम के साथ निरीक्षण करने मैदान में उतरे। इस दौरान टीम ने बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण अस्पताल के समीप तथा कमल विहार क्षेत्र में स्थित विभिन्न मिष्ठान एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया, जहां कई स्थानों पर खाद्य सामग्री के निर्माण तथा भंडारण में भयानक गंदगी और गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित

खाद्य मानकों का उल्लंघन और गंभीर कमियां पाए जाने पर विभाग ने खत्री स्वीट्स (बिरगांव), लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स यानी ब्रेड बास्केट (समता कॉलोनी) और अग्रवाल मिठाई वाला के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। प्रशासन ने तीनों प्रतिष्ठानों को पूर्ण स्वच्छता मानक स्थापित होने तक संचालन बंद रखने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में दूषित मिठाइयों और ब्रेड को मौके पर ही नष्ट कराया गया, जबकि कई खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु जब्त किए गए।

कीड़े तैरता दूध और अस्वच्छ माहौल में बनती मिठाइयां

बिरगांव स्थित खत्री स्वीट्स के निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर अत्यंत दयनीय और अस्वच्छ स्थितियां देखने को मिलीं। मिठाइयों को तैयार करने के लिए रखे गए दूध में कीड़े तैरते हुए पाए गए, वहीं काजू तथा अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता भी संदेहास्पद पाई गई। जांच दल ने मौके से काजू, बूंदी, शक्कर एवं मिल्क केक के सैंपल लिए। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिगत लगभग 80 लीटर दूषित दूध, 3 किलोग्राम केक और 20 किलोग्राम चमचम को तत्काल नष्ट करवा दिया गया।

बेकरी में चूहों की मौजूदगी और अस्सी किलो ब्रेड नष्ट

समता कॉलोनी में स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) में जांच के समय बेकरी निर्माण इकाई में भारी अस्वच्छता पाई गई। ब्रेड तैयार करने वाले परिसर और स्टोर रूम में कई चूहे घूमते हुए पाए गए, जो सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ था। स्वच्छता के निर्धारित मानकों की अनदेखी के चलते विभागीय दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विभिन्न किस्मों की लगभग 80 किलोग्राम ब्रेड को नष्ट कराया।

रामकृष्ण अस्पताल के पास गंदगी और बिना लाइसेंस दुकान पर जब्ती

रामकृष्ण अस्पताल के पास स्थित अग्रवाल मिठाई वाला के निर्माण स्थल पर फर्श अत्यधिक गंदा पाया गया, जहां से बेसन, लड्डू और घी के नमूने जांच के लिए भेजे गए। वहां से 100 किलो बालूशाही, 25 किलो रसगुल्ला, 35 किलो खोवा व काजू मिक्स तथा चाट मसाला नष्ट कराया गया। वहीं दूसरी ओर, कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित होता पाया गया, जो पैक्ड मिठाइयों का व्यापार कर रहा था। टीम ने वहां से 720 किलो डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलो मैसूर पाक और 3960 किलो कुन्दा जब्त किया। नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Latest news

Related news