अयोध्या की आड़ में देश की आस्था पर हमला बर्दाश्त नहीं: CM योगी

CM Yogi Ayodhya : लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े विवादों को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के लिए राष्ट्र सर्वोपरि नहीं है, वे लगातार देश की अस्मिता और आस्था पर प्रहार करने का प्रयास कर रहे हैं. श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े मामले में ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी पूरी निष्पक्षता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है. नैतिक आधार पर इस्तीफे भी हो चुके हैं, लेकिन कुछ लोग इस घटना की आड़ लेकर हिंदू आस्था और धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहे हैं.

मुख्यमंत्री मंगलवार को लखनऊ में निजी टीवी चैनल रिपब्लिक भारत के विशेष कॉन्क्लेव ‘ऊंचाइयों पर यूपी’ को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में पिछले नौ वर्षों के दौरान हुए बदलावों, विकास और सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया.

CM Yogi Ayodhya – हनुमानगढ़ी पर नमाज पढ़वाने की कोशिश करने वाले आज हिंदू धामों को निशाना बना रहे’

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के अधिकारों पर डाका डालने वाले और हनुमानगढ़ी जैसे पवित्र स्थल पर नमाज पढ़वाने का प्रयास करने वाले आज हिंदू धार्मिक स्थलों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जनता को ऐसी ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत है जो राष्ट्रीय मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचाना चाहती हैं.

‘2017 से पहले दंगे, कर्फ्यू और भय था, आज कानून का राज’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान दंगों, कर्फ्यू और अपराध से होती थी. हर तीसरे दिन कहीं न कहीं दंगा होता था. बेटियों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहते थे और कई जिलों में लोग अपनी बेटियों को पढ़ाई के लिए प्रदेश से बाहर भेजने को मजबूर थे. व्यापारी असुरक्षित थे और किसानों में भी भय का माहौल था.

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान दंगा-मुक्त, कर्फ्यू-मुक्त और सुरक्षित राज्य के रूप में बनी है. अब प्रदेश में बेटियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिला है.

‘देश में विस्फोट होता था तो यूपी का नाम जुड़ता था’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले देश में कहीं भी आतंकी विस्फोट होता था तो उत्तर प्रदेश का नाम सामने आ जाता था. पिछली सरकारों में दंगाइयों को संरक्षण मिलता था और माफियाओं के सामने सरकारें झुक जाती थीं. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को यह इतिहास जानना चाहिए ताकि वह वर्तमान बदलाव को समझ सके.

50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, 15 लाख करोड़ की परियोजनाएं धरातल पर

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार का सबसे बड़ा परिणाम निवेश के रूप में सामने आया है. वर्ष 2017 के बाद निवेशकों का विश्वास बढ़ा और अब तक उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं. इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं.

उन्होंने कहा कि पहले चिकनकारी, पीतल, कांच, कालीन, बनारसी साड़ी और खेल उद्योग जैसे पारंपरिक उद्योग संकट में थे, लेकिन ‘एक जिला-एक उत्पाद (ODOP)’ योजना ने इन्हें नई पहचान दिलाई.

ODOP से सवा तीन करोड़ युवाओं को रोजगार

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश के 75 जिलों के 79 उत्पादों को जीआई टैग से जोड़ा गया है। वर्तमान में प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं, जिनमें सवा तीन करोड़ युवाओं को रोजगार मिला है। उत्तर प्रदेश अब 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के ओडीओपी उत्पादों का निर्यात कर रहा है।

‘बीमारू राज्य नहीं, बीमार मानसिकता थी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी बीमारू राज्य नहीं था, बल्कि शासन करने वाली मानसिकता बीमार थी. उन्होंने कहा कि सत्ता संभालने के समय प्रदेश का खजाना खाली था और वित्तीय चुनौतियां गंभीर थीं, लेकिन सरकार ने ठोस फैसले लेकर विकास की नई शुरुआत की.

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2016-17 में प्रदेश की जीएसडीपी 12 लाख करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है. राज्य का बजट 3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है. प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.20 लाख रुपये से अधिक हो गई है.

महिला भागीदारी और रोजगार में बड़ा बदलाव

मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में महिला कार्यबल की भागीदारी 12 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत से अधिक हो गई है। वहीं बेरोजगारी दर 19 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत से भी कम रह गई है।

एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और कनेक्टिविटी में यूपी बना अग्रणी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का 60 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में है. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं प्रदेश की नई पहचान बन चुकी हैं. उन्होंने कहा कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे भी शुरू हो चुका है.

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला इनलैंड वॉटरवे, सबसे अधिक एयरपोर्ट, मेट्रो नेटवर्क और सबसे बड़े रेलवे नेटवर्क वाला राज्य बन चुका है.

गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में नंबर-1

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई बड़े कदम उठाए गए. सरकार ने अब तक 3.23 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य किसानों के खातों में पहुंचाया है. वर्तमान में प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं और उत्तर प्रदेश गन्ना, चीनी तथा एथेनॉल उत्पादन में देश में पहले स्थान पर है.

24 लाख हेक्टेयर भूमि को मिली सिंचाई सुविधा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में 24 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया. बाणसागर, अर्जुन सहायक और सरयू नहर जैसी वर्षों से लंबित परियोजनाओं को पूरा कर किसानों को सीधा लाभ पहुंचाया गया. उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को प्रतिदिन 10 घंटे तक बिजली उपलब्ध कराई जा रही है.

9 लाख सरकारी नौकरियां, पुलिस में महिलाओं की संख्या चार गुना

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने नौ वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है. इनमें 2.25 लाख से अधिक भर्तियां यूपी पुलिस में हुई हैं. पुलिस विभाग में महिला कर्मियों की संख्या 10 हजार से बढ़कर 45 हजार तक पहुंच गई है.

गरीबों और महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 16 करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त राशन योजना का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा 1.6 करोड़ परिवारों को विभिन्न सामाजिक पेंशन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से 25 लाख से अधिक बालिकाएं, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना से 5 लाख से अधिक माताएं और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 6 लाख से अधिक बेटियों का विवाह कराया गया है।

विकास ही नए उत्तर प्रदेश की पहचान

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के सहयोग से उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा, निवेश, आधारभूत संरचना, कृषि, उद्योग और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की विकास यात्रा का नेतृत्व कर रहा है और आने वाले वर्षों में यह देश की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा.

Latest news

Related news