Saturday, July 4, 2026
Home Breaking News फूल तोड़ने बाहर निकले मां-बेटे पर चली गोली,महिला बुरी तरह जख्मी

फूल तोड़ने बाहर निकले मां-बेटे पर चली गोली,महिला बुरी तरह जख्मी

0
442

वैशाली

बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है. रविवार अहले सुबह मां-बेटे पर गोलीबारी की एक घटना सामने आई है. इस घटना में मां बुरी तरह घायल हो गई. महिला अपने बेटे के साथ सुबह सूरज निकलने से पहले फूल तोड़ने गई थी. तभी बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन दोनों से लूटपाट की कोशिश की और इस दौरान मां-बेटे पर गोली चला दी. इस घटना में बेटा बाल-बाल बच गया. महिला के सीने में गोली लगी है. महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. घटना बराटी ओपी क्षेत्र के अंधरावर गांव की है.

घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि 46 वर्षीय बेबी देवी अपने बेटे मनीष के साथ तड़के घर से फूल तोड़ने के लिए निकली थी. इसी बीच सुनसान इलाका देख कर एक बाइक पर सवार तीन अपराधी मां बेटे से मोबाइल छिनने लगे. तभी पुलिस की गश्ती गाड़ी आता देख अपराधियों ने महिला को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. घायल महिला को बेटे ने पुलिस की सहायता से सदर अस्पताल पहुंचाया. यहां महिला के प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया है.