उत्तराखंड में अंतिम मतदाता सूची जारी,SIR के बाद 71.59 लाख मतदाता शामिल ,1.29 लाख नए नाम जुड़े

Uttarakhand New Voter List 2026 देहरादून : उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR (Special Intensive Revision) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के बाद प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची में कुल 71,58,949 मतदाता शामिल हैं.

इस सूची में 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. वहीं, पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद कुल 1,29,872 नए मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया है, जबकि नियमों के तहत 1,04,708 नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं.

Uttarakhand New Voter List 2026 : 8 जून से शुरू हुआ था SIR अभियान

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत 8 जून 2026 को हुई थी. उस समय प्रदेश की मतदाता सूची में कुल 79,60,762 मतदाता दर्ज थे.

गणना फॉर्म के वितरण और संकलन की प्रक्रिया के बाद 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई. इस ड्राफ्ट सूची में कुल 71,33,785 मतदाता शामिल थे.

इसके बाद निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाताओं को दावे और आपत्तियां दाखिल करने का अवसर दिया गया.

दावे-आपत्तियों के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन

ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया चली. इसके बाद 13 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया गया.

प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई है.

अंतिम सूची के मुताबिक प्रदेश में अब कुल 71,58,949 मतदाता हैं। उत्तराखंड में वर्तमान में कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं.

महिला मतदाताओं की संख्या 34 लाख से ज्यादा

अंतिम मतदाता सूची के आंकड़ों के मुताबिक उत्तराखंड में महिला मतदाताओं की संख्या 34,21,036 है, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 37,37,701 है। इसके अलावा 212 थर्ड जेंडर मतदाता भी सूची में दर्ज हैं.

युवा मतदाताओं और बुजुर्ग मतदाताओं को लेकर भी अंतिम सूची में अलग-अलग आंकड़े जारी किए गए हैं. प्रदेश में 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के 72,656 मतदाता शामिल हैं. वहीं, 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाता अंतिम सूची का हिस्सा हैं.

1.29 लाख नए मतदाता जुड़े

SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची में 1,29,872 नए मतदाताओं को शामिल किया गया है. वहीं, पुनरीक्षण और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया के बाद नियमों के अनुसार 1,04,708 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं.

नाम हटाए जाने या शामिल किए जाने की प्रक्रिया में मतदाता सूची की पात्रता और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर निर्वाचन अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की गई है.

छूटे हुए मतदाताओं के लिए फिर मिलेगा मौका

अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद भी जिन पात्र लोगों का नाम किसी कारण से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनके लिए प्रक्रिया बंद नहीं हुई है.

ऐसे लोग फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ECI Net App के जरिए किया जा सकता है. इसके अलावा संबंधित BLO (Booth Level Officer) के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.इसके लिए प्रदेश में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे.

BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

अंतिम सूची के बाद छूटे हुए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है.

BLO पहले मौजूदा मतदाता सूची का प्री-SIR सूची से मिलान करेंगे. इस दौरान ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनका नाम SIR से पहले की सूची में था, लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में नहीं है.

इसके बाद चिन्हित मतदाताओं के घर जाकर उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी ली जाएगी. पात्र पाए जाने वाले लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरने में सहायता की जाएगी.

पहली बार वोट देने वालों पर भी रहेगा फोकस

BLO के घर-घर संपर्क अभियान के दौरान पहली बार मतदान करने की उम्र में पहुंचे युवाओं और ऐसे अन्य पात्र लोगों की भी पहचान की जाएगी, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है.

इन लोगों के लिए भी फॉर्म-6 भरवाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल हो सकें.

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी साझा होगी जानकारी

निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चिन्हित मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ भी साझा की जाएगी.

इसके बाद प्रक्रिया के अंतिम चरण में ERO (Electoral Registration Officer) बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे. इसका उद्देश्य छूटे हुए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने के लिए एक और अवसर उपलब्ध कराना है.

नाइट शेल्टर और लेबर कॉलोनियों में भी लगेंगे कैंप

मतदाता सूची में उन लोगों को शामिल कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो सामान्य तौर पर स्थायी पते या अन्य कारणों से पुनरीक्षण अभियान में छूट सकते हैं.

इसके लिए नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी, बेघर लोगों और हाशिए पर रहने वाले वर्गों के बीच विशेष कैंप लगाए जाएंगे. इन कैंपों के जरिए पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करने की सुविधा दी जाएगी.

ऑनलाइन देख सकेंगे मतदाता सूची

उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची को ऑनलाइन भी देखा जा सकता है. मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट के माध्यम से अपना नाम और संबंधित जानकारी जांच सकते हैं.

आयोग की वेबसाईट www.voter.eci.gov.in

मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाईट www.ceo.uk.gov.in

इसके अलावा DEO/ERO कार्यालय और संबंधित BLO से भी मतदाता सूची की जानकारी प्राप्त की जा सकती है.

SIR के बाद उत्तराखंड में मतदाता सूची का आंकड़ा
श्रेणीसंख्या
कुल मतदाता71,58,949
पुरुष मतदाता37,37,701
महिला मतदाता34,21,036
थर्ड जेंडर212
18-19 आयु वर्ग72,656
80 वर्ष से अधिक1,22,892
नए मतदाता1,29,872
हटाए गए नाम1,04,708
कुल मतदेय स्थल12,543

Latest news

Related news