राहुल गांधी ने लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’,देशभर के आंदोलनों और हक की लड़ाई को एक मंच पर लाने की पहल

Rahul Gandhi Satyagraha नई दिल्ली :  कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को ‘सत्याग्रह’ नाम से एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया. इस पहल का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने अधिकारों, न्याय और विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को एक साझा मंच पर लाना है. राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर इस पहल की घोषणा की और इससे संबंधित वेबसाइट की जानकारी भी साझा की.

राहुल गांधी ने वीडियो संदेश के जरिए लोगों से अपील की कि वे अपने साथ हो रहे अन्याय और अपने संघर्ष की कहानी इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा करें. उनके मुताबिक, अलग-अलग जगहों पर चल रहे आंदोलनों और जनसमस्याओं को एक जगह सामने लाने से समान मुद्दों पर संघर्ष कर रहे लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने में मदद मिल सकती है.

Rahul Gandhi Satyagraha:क्या है राहुल गांधी का ‘सत्याग्रह’ प्लेटफॉर्म?

रिपोर्टों के अनुसार, ‘सत्याग्रह’ एक डिजिटल पहल है, जिसके जरिए देशभर में चल रहे विभिन्न आंदोलनों और लोगों की शिकायतों को एक साझा प्लेटफॉर्म पर दर्ज किया जा सकता है. इसमें लोग अपने मुद्दे और संघर्ष की जानकारी साझा कर सकते हैं और देश के दूसरे हिस्सों में समान समस्याओं को लेकर चल रही गतिविधियों के बारे में भी जानकारी हासिल कर सकते हैं.

प्लेटफॉर्म के जरिए अलग-अलग संघर्षों को एक डिजिटल नक्शे पर दिखाने की व्यवस्था भी बताई गई है. इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर के मुद्दों को व्यापक स्तर पर सामने लाना और समान मुद्दों से जुड़े लोगों के बीच संपर्क बढ़ाना है.

‘अकेली आवाज अक्सर दब जाती है’: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि Gen Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं अपने-अपने मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हर संघर्ष की अपनी कहानी है, लेकिन अकेले उठने वाली आवाज कई बार दब जाती है.

उन्होंने लोगों से कहा कि वे बताएं कि वे किन मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. राहुल गांधी ने नेता प्रतिपक्ष के तौर पर इन मुद्दों को सुनने और जरूरत के मुताबिक उन्हें संसद तथा अन्य मंचों पर उठाने की बात कही.

उनका कहना है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग जमीन, महिलाओं के अधिकार, दलित और ओबीसी अधिकार, शिक्षा और परीक्षाओं समेत कई मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं. ‘सत्याग्रह’ के जरिए इन अलग-अलग आंदोलनों को एक जगह जोड़ने की कोशिश की जा रही है.

किसान, छात्र और महिलाओं से लेकर दलित-ओबीसी मुद्दों तक

‘सत्याग्रह’ प्लेटफॉर्म के जरिए जिन मुद्दों को सामने लाने की बात कही गई है, उनमें कई सामाजिक और नागरिक अधिकारों से जुड़े विषय शामिल हैं.

राहुल गांधी ने विशेष रूप से जमीन के अधिकार, महिलाओं के अधिकार, दलित और ओबीसी अधिकार, शिक्षा तथा परीक्षाओं से जुड़े संघर्षों का उल्लेख किया. इसके अलावा किसानों, आदिवासी समुदायों, छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी इस पहल में शामिल करने की बात सामने आई है.

इस तरह यह प्लेटफॉर्म केवल किसी एक वर्ग या एक मुद्दे तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों में चल रहे जनसंघर्षों की जानकारी एकत्र करने की कोशिश के तौर पर पेश किया गया है.

राहुल गांधी ने लोगों से क्या अपील की?

राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि अगर वे किसी अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं तो अपनी कहानी ‘सत्याग्रह’ प्लेटफॉर्म पर साझा करें.

उनके मुताबिक, इस मंच के जरिए लोगों को यह जानने का अवसर भी मिलेगा कि उनके जैसे मुद्दों पर देश के दूसरे हिस्सों में कौन लोग या समूह संघर्ष कर रहे हैं. इससे समान समस्याओं से जुड़े आंदोलनों के बीच संपर्क और संवाद की संभावना बन सकती है.

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि वह लोगों की समस्याओं को संसद में, सड़क पर और पत्रों के माध्यम से उठाने के लिए अपनी भूमिका निभाएंगे. उन्होंने इसे नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी से जोड़ा है.

राहुल गांधी की महत्वपूर्ण पहल

राहुल गांधी का यह कदम ऐसे समय आया है जब देश में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को लेकर कई तरह के विरोध प्रदर्शन और जनआंदोलन चल रहे हैं. चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया, नागरिक अधिकारों, भूमि, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दे राजनीतिक बहस के केंद्र में रहे हैं. राहुल गांधी ने इस प्लेट फॉर्म को लांच करने का उद्देश्य  लोगों के संघर्ष और शिकायतों को एक जगह लाना बताया है, लेकिन कांग्रेस पार्टी इसका इस्तेमाल राजनीतिक संवाद को जमीनी स्तर से जोड़ने के लिए कर सकते हैं .

Latest news

Related news