Pawan Yadav murder case प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हंडिया थाना क्षेत्र में हुए समाजवादी पार्टी के नेता पवन यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए तीनों आरोपी एक ही बाइक से पहुंचे थे.
“सड़क पर बिखरा खून पवन यादव का है.. आज शाम गोली मार दी गई.. सपा के नेता थे.. सरे शाम ये वारदात प्रयागराज में हुई..”
पवन यादव सड़क किनारे कार खड़ी करके किसी से बात कर रहे थे.. तभी बाइक सवार तीन लोग आए.. पवन यादव की पीठ से सटाकर गोली मार दी.. पवन को अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक… pic.twitter.com/zBnBnW7TEt
— Vivek K. Tripathi (@meevkt) September 15, 2026
Pawan Yadav murder case: बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे तीनों आरोपी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में सामने आया कि वारदात के समय तीनों आरोपी एक बाइक पर सवार थे. निहाल अली बाइक चला रहा था, जबकि बृजेश यादव बीच में और लल्ला यादव सबसे पीछे बैठा था.
पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचने के बाद लल्ला यादव ने पवन यादव पर फायर किया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
व्यक्तिगत दुश्मनी की बात सामने आई
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी लल्ला यादव ने पवन यादव से व्यक्तिगत दुश्मनी होने की बात बताई है. पुलिस इसी व्यक्तिगत विवाद को हत्या की वजह मानकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच जारी है. आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
दो तमंचे और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और दो तमंचे बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आई कि दोनों तमंचे और कारतूस करीब 20 हजार रुपये में खरीदे गए थे.
बरामद हथियारों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
तीनों आरोपी गिरफ्तार
हंडिया हत्याकांड में पुलिस ने लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक और हथियार बरामद किए गए हैं.
पुलिस अब हत्या की पूरी परिस्थितियों, आरोपियों के आपसी संबंध और वारदात से पहले तथा बाद की गतिविधियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

