Manali Rohtang Traffic Jam : एक तरफ उत्तर भारत में सूरज आग उगल रहा है. मैदानी इलाकों में पारा 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. दूसरी तरफ स्कूली बच्चों की गर्मी की छुट्टियां शुरु हो गई हैं. ऐसे में इस भीषण गर्मी (Heatwave) से राहत पाने के लिए दिल्ली ौर उसके आस पास के लाखों लोग अपने परिवारों के साथ उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों की तरफ दौड़ पड़े हैं. हालात ये हैं कि मनाली-रोहतांग, नैनीताल और चारधाम यात्रा मार्गों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ चुकी है. कई जगहों पर 20 से 25 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है, जो अब प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है.
Manali Rohtang Traffic Jam : 50 KM का सफर 8-8 घंटे में
हिमाचल प्रदेश के मनाली में इस समय पर्यटकों का भारी सैलाब देखा जा रहा है. मई के आखिरी दिनों में भी समुद्र तल से 13 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रे पर जमी बर्फ लोगों को अपनी ओर खींच रही है.
लेकिन इस चाहत का नतीजा यह है कि मनाली-रोहतांग रोड पर गाड़ियों के पहिए थम गए हैं. शनिवार को इस रूट पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लगा. सुबह 6 बजे मनाली से निकले सैलानी दोपहर 2 बजे रोहतांग पहुंच पाए. महज 50 किलोमीटर का यह सफर तय करने में लोगों को 7 से 8 घंटे का समय लग रहा है.
पर्यटकों का दर्द: कोलकाता से आए पर्यटक एस. मित्रा ने बताया कि लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे जाम और बढ़ रहा है। प्रशासन को व्यवस्था सख्त करनी चाहिए. वहीं स्थानीय कारोबारी हीरालाल का कहना है कि मढ़ी से ग्रामफू के बीच पार्किंग न होने से लोग सड़कों पर गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं, जिससे संकट और गहरा गया है.
नैनीताल में होटल्स ‘फुल’,बोटिंग के लिए लंबी कतारें
उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल भी इस समय पर्यटकों से पूरी तरह पैक हो चुकी है. वीकेंड पर माल रोड, स्नो व्यू, चिड़ियाघर और केव गार्डन जैसे प्रमुख स्थलों पर पैर रखने की जगह नहीं है. नैनी झील में बोटिंग का आनंद लेने के लिए सैलानियों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं. पहाड़ों की ठंडी हवाएं और सुहावना मौसम लोगों को सुकून तो दे रहा है, लेकिन माल रोड, भवाली रोड और कालाढूंगी रोड पर दिनभर लग रहे जाम ने पर्यटकों का पसीना छुड़ा दिया है.
लोकल बिजनेस चमका, कारोबारियों के चेहरे खिले
भीषण भीड़ का एक सकारात्मक पहलू यह है कि स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को बड़ा बूस्ट मिला है. नैनीताल और मनाली के लगभग सभी होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे ‘हाउसफुल’ चल रहे हैं. होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि लंबे समय बाद कारोबार में ऐसी बंपर रौनक देखने को मिली है.
कैंचीधाम में बाबा नीम करौली के दर्शन को उमड़े भक्त
सिर्फ पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंचीधाम में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से रिकॉर्ड संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर और उसके आसपास के रास्तों पर भक्तों की कई किलोमीटर लंबी लाइनें दिखाई दे रही हैं, जिससे इस पूरे रूट पर ट्रैफिक रेंग रहा है.

