Jantar Mantar Protest नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बार फिर से शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके पर एक महिला ने स्याही फेंक दी. घटना उस समय हुई जब दिपके मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित कर रहे थे. अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम कुछ देर के लिए बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
Ink thrown at abhijit dipke by a woman during the protest today. Police has detained the woman. pic.twitter.com/UdwajSLM1b
— Anushka Garg (@anushkagarg2000) July 18, 2026
घटना के तुरंत बाद मौजूद प्रदर्शनकारियों ने महिला को पकड़ लिया और उसे दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल उसकी पहचान और स्याही फेंकने के पीछे के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Jantar Mantar Protest : वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद अनशन पर बैठे दिपके
अभिजीत दिपके ने शनिवार सुबह ही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की थी. उनका कहना था कि दिल्ली पुलिस ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया, जिससे आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की गई.
दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि वह तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि 20 जुलाई को प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निकाला जाएगा.
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल कराया था खाली
इससे पहले शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को हटाने की कार्रवाई की थी. पुलिस के अनुसार, सोनम वांगचुक की लगातार बिगड़ती तबीयत और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने अन्य प्रदर्शनकारियों से भी शांतिपूर्वक प्रदर्शन स्थल खाली करने की अपील की थी.
NEET मुद्दे को लेकर जारी है आंदोलन
यह आंदोलन NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा है. सोनम वांगचुक का अनशन शनिवार को 21वें दिन में पहुंच गया था. उनके अस्पताल में भर्ती होने के बाद अभिजीत दिपके ने आंदोलन की कमान संभालते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की, लेकिन कुछ ही घंटों बाद स्याही फेंकने की घटना ने प्रदर्शन को नया राजनीतिक और सामाजिक मोड़ दे दिया.
फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

