70 का दूल्हा, 20 की दुल्हन: गाजियाबाद के सपा नेता ने रचाया चौथा निकाह, तो थाने पहुंच गई दूसरी बीवी

Haji Khalil’s Fourth Marriageउत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के पूर्व पार्षद और सपा नेता हाजी खलील का चौथा निकाह सुर्खियों में है. 70 साल के हाजी खलील द्वारा खुद से 50 साल छोटी, यानी 20 वर्षीय युवती यासमीन से निकाह करने के बाद उनके परिवार में बड़ी कलह शुरू हो गई है. इस शादी की खबर मिलते ही खलील की दूसरी पत्नी नाजरीन पुलिस के पास पहुंच गई हैं, जिससे नेताजी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है.

Haji Khalil’s Fourth Marriage से नाराज दूसरी पत्नी पहुंची कमिश्नर के पास

गाजियाबाद के कैला भट्टा निवासी हाजी खलील की दूसरी पत्नी नाजरीन ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है. नाजरीन का आरोप है कि हाजी खलील अब उनकी संपत्ति हड़पना चाहते हैं और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. नाजरीन के मुताबिक, खलील ने 1991 में उनसे दूसरा निकाह किया था, लेकिन उस वक्त उन्होंने अपनी पहली शादी और 8 बच्चों की बात छिपाई थी.

11 बच्चों के पिता हैं हाजी खलील, तीसरी पत्नी को दे चुके हैं तलाक

सपा नेता हाजी खलील का वैवाहिक इतिहास काफी विवादित रहा है. पहली पत्नी से उनके 8 बच्चे हैं, जबकि दूसरी पत्नी नाजरीन से उनके 3 बच्चे हैं. नाजरीन का दावा है कि खलील ने 2010 में तीसरा निकाह भी किया था, लेकिन संतान न होने के कारण उन्होंने उस पत्नी को ‘तीन तलाक’ देकर अलग कर दिया था. अब 20 साल की नई दुल्हन यासमीन के घर आने से विवाद और गहरा गया है.

मेहर की संपत्ति और जान का खतरा

विवाद की मुख्य जड़ संपत्ति बताई जा रही है. नाजरीन का कहना है कि वह वर्तमान में जिस प्रॉपर्टी पर रह रही हैं, वह उन्हें निकाह के समय ‘मेहर’ में मिली थी. आरोप है कि अब हाजी खलील और उनकी चौथी पत्नी यासमीन की नजर इसी कीमती जमीन पर है. नाजरीन ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके बेटे को घर से बाहर निकाल दिया गया है और उनकी जान को खतरा है.

विवादों से पुराना नाता, पुलिस ने शुरू की जांच

हाजी खलील गाजियाबाद की राजनीति का जाना-माना चेहरा हैं और 1995 व 2000 में पार्षद रह चुके हैं. उन पर पहले भी नगर निगम की करोड़ों की जमीन कब्जाने के आरोप लग चुके हैं. ताजा मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत पत्र मिल गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है. जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Latest news

Related news