CM Dhami on Uttarakhand-Development देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड की जनता स्थायित्व और विकास चाहती है. राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में देश के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.
मुख्यमंत्री गुरुवार को एक समाचार पत्र की ओर से आयोजित ‘उत्तराखंड-विकास, चुनौतियां और 2027 की राह’ कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने राज्य की विकास यात्रा, सरकार की उपलब्धियों, युवाओं के लिए किए जा रहे कार्यों और भविष्य के विजन पर अपने विचार रखे.
CM Dhami on Uttarakhand-Development :‘राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति तृतीय’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनकी पार्टी का सिद्धांत ‘राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति तृतीय’ रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे.
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तेजी से विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है. सरकार का फोकस राज्य के समग्र विकास के साथ-साथ युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने पर भी है.
प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव: धामी
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के साथ संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद वह अब तक 28 बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं.
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों के विकास को विशेष प्राथमिकता दी है. उन्होंने माणा का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने सीमांत गांवों को देश का अंतिम गांव कहने के बजाय ‘प्रथम गांव’ की संज्ञा दी. मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को लेकर सोच और दृष्टिकोण में बदलाव आया है.
SDG इंडेक्स और पर्यटन का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड ने इसमें देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है.
धामी ने राज्य में पर्यटन के विस्तार का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न पुरस्कार मिले हैं. राज्य अब फिल्म शूटिंग, एडवेंचर टूरिज्म और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है.
‘2047 तक विकसित भारत में युवाओं की बड़ी भूमिका’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है. इस लक्ष्य को हासिल करने में देश की युवा शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है.
धामी ने युवाओं के साथ संवाद को लेकर कहा कि उन्हें उनके बीच जाना और उनसे बातचीत करना पसंद है. उन्होंने कहा कि वह युवाओं के बीच मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक दोस्त के रूप में संवाद करने का प्रयास करते हैं.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, युवाओं से बातचीत के दौरान उनके नए विचारों, आकांक्षाओं और ऊर्जा को समझने का अवसर मिलता है और इससे उन्हें भी नई ऊर्जा मिलती है.
नकल विरोधी कानून और सरकारी भर्तियों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है. उनके अनुसार, इससे मेहनती और योग्य युवाओं का भर्ती प्रक्रिया में विश्वास मजबूत हुआ है.
उन्होंने दावा किया कि पिछले करीब पांच वर्षों में उत्तराखंड में लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है.
13 हजार एकड़ से ज्यादा सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के मूल स्वरूप को बनाए रखने और सरकारी जमीन को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई का भी उल्लेख किया.
उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देवभूमि उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान और मूल स्वरूप को बनाए रखते हुए विकास को आगे बढ़ाया जाए.
विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड इस समय विकास के नए दौर से गुजर रहा है. सरकार की कोशिश है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और राज्य के युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने के ज्यादा से ज्यादा अवसर मिलें.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड को विकसित और सशक्त राज्य बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है.

