Uttarakhand BJP Record : उत्तराखंड की राजनीति में जुलाई 2026 का पहला सप्ताह ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे निर्वाचित कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाने के बाद अब देवभूमि में भी भाजपा सरकार से जुड़े तीन बड़े चेहरे नए कीर्तिमान स्थापित करने की दहलीज पर खड़े हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट अगले कुछ महीनों में अपने-अपने पदों पर सबसे लंबे समय तक रहने का रिकॉर्ड बनाने वाले हैं.
Uttarakhand BJP Record:पीएम मोदी के बाद देवभूमि में भी बनेंगे कीर्तिमान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन चुके हैं. इसी बीच उत्तराखंड में भी भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार से जुड़े तीन प्रमुख पदाधिकारियों के नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज होने जा रहे हैं. यदि अगले कुछ सप्ताह में कोई बड़ा राजनीतिक बदलाव नहीं होता है तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट अपने-अपने पदों पर सबसे लंबे कार्यकाल का नया इतिहास रच देंगे.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पांच साल का रिकॉर्ड करेंगे पूरा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई 2021 को उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. उनके नेतृत्व में वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा गया और भाजपा ने दोबारा सत्ता हासिल की. इसके बाद 23 मार्च 2022 को धामी ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
दोनों कार्यकाल को मिलाकर 3 जुलाई 2026 को धामी मुख्यमंत्री के रूप में पांच वर्ष पूरे कर लेंगे. उत्तराखंड के गठन के बाद मुख्यमंत्री धामी के लिए ये एक बड़ी उपलब्धि होगी. राज्य में इससे पहले केवल पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ही वर्ष 2002 से 2007 तक लगातार पांच साल का कार्यकाल पूरा कर पाए थे।. उनके बाद आठ मुख्यमंत्री बने लेकिन कोई अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके.
राज्यपाल गुरमीत सिंह बनाएंगे सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड
उत्तराखंड के वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह 15 सितंबर 2021 को राज्य के आठवें राज्यपाल बने थे. उनसे पहले सबसे लंबे समय तक राज्यपाल रहने का रिकॉर्ड सुदर्शन अग्रवाल के नाम दर्ज है.
सुदर्शन अग्रवाल ने 8 जनवरी 2003 से कुल 57 माह 21 दिन तक राज्यपाल के रूप में कार्य किया था. वहीं गुरमीत सिंह का कार्यकाल 7 जुलाई 2026 को 57 माह 22 दिन का हो जाएगा. इसके साथ ही वे उत्तराखंड के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले राज्यपाल बन जाएंगे.
महेंद्र भट्ट भी रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहे
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी एक बड़े रिकॉर्ड के बेहद करीब हैं. राज्य गठन के बाद वे भाजपा के दसवें प्रदेश अध्यक्ष हैं. उनसे पहले अजय भट्ट दिसंबर 2015 से जनवरी 2020 तक लगभग 50 महीने तक प्रदेश अध्यक्ष रहे थे, जो अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल माना जाता है.
महेंद्र भट्ट पहले ही 46 महीने से अधिक का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं. यदि संगठन में कोई बड़ा बदलाव नहीं होता है तो नवंबर 2026 तक वे उत्तराखंड भाजपा के सबसे लंबे समय तक प्रदेश अध्यक्ष रहने वाले नेता बन जाएंगे.
भाजपा के लिए क्यों महत्वपूर्ण हैं ये रिकॉर्ड?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तराखंड जैसे राज्य में नेतृत्व का लंबे समय तक स्थिर बने रहना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. राज्य गठन के बाद यहां नेतृत्व परिवर्तन की राजनीति अक्सर चर्चा में रही है. ऐसे में मुख्यमंत्री, राज्यपाल और प्रदेश अध्यक्ष तीनों का लंबे समय तक अपने पदों पर बने रहना भाजपा के लिए राजनीतिक स्थिरता और संगठनात्मक मजबूती का संकेत माना जा रहा है.
जुलाई 2026 उत्तराखंड की राजनीति के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकता है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल गुरमीत सिंह जहां कुछ ही दिनों में नए रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी इतिहास रचने के बेहद करीब हैं. यदि वर्तमान स्थिति बनी रहती है तो भाजपा उत्तराखंड में नेतृत्व स्थिरता के कई नए अध्याय लिखती नजर आएगी.

