Noida Mamura Fire : उत्तर प्रदेश के नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित ममूरा गांव में मंगलवार को एक G+4 आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग में लगे इलेक्ट्रिक वाहन (EV) की बैटरी में स्पार्किंग मानी जा रही है. आग लगने के बाद पार्किंग में खड़े पेट्रोल वाहनों ने भी आग पकड़ ली, जिससे लपटें तेजी से फैल गईं.
जिस खतरे की आशंका को लेकर वर्षों से #Mamura Gali No. 2, Sector-66 से अतिक्रमण हटाने की मांग की जा रही थी, आज वही हुआ। NCR PG में आग लगने के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को जाम व अतिक्रमण के कारण रास्ता नहीं मिला। अब भी क्या नोएडा प्राधिकरण जागेगा? #Noida @noida_authority pic.twitter.com/zPnso8vusI
— Rahul Chauhan (@9200Rahulch) July 15, 2026
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने और प्रशासन को हर स्तर पर सतर्क रहने के निर्देश भी दिए.
Noida Mamura Fire:50 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया
फायर विभाग के अनुसार सूचना मिलते ही 7 फायर टेंडर, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.
यह इमारत G+4 थी, जिसमें करीब 50 परिवार रह रहे थे. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि धुएं के कारण दो लोगों की हालत गंभीर हो गई, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया.
EV बैटरी चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग की आशंका
एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग थी और प्रत्येक मंजिल पर लगभग 12 परिवार रहते थे. शुरुआती जांच में EV वाहन की चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग से आग लगने की आशंका सामने आई है.
उन्होंने बताया कि मामले में फेज-3 थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, जबकि भवन मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस और फायर विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं.
पुलिस बोली- आग पर पूरी तरह काबू
पुलिस के अनुसार आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है. इमारत में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद पूरे परिसर की जांच की जा रही है ताकि किसी अन्य खतरे की संभावना न रहे.
मुख्यमंत्री योगी ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा है कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. उन्होंने घायलों के समुचित उपचार, राहत कार्यों की लगातार निगरानी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

