BRICS सुरक्षा में चूक: विदेशी मेहमानों के होटल की छत से हथियार के साथ वीडियो किया शेयर,स्नाइपर सस्पेंड

Security lapse at BRICS :विदेशी प्रतिनिधियों की सुरक्षा में तैनात भारतीय पुलिस स्नाइपर पर सुरक्षा में चूक के बाद कार्रवाई की खबर सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी ने विदेशी डेलीगेट्स के ठहरने वाले होटल की छत पर हथियार के साथ अपनी इंस्टाग्राम फुटेज पोस्ट की थी. इसके बाद उसे BRICS ड्यूटी से हटा दिया गया और घर भेज दिया गया. हालांकि इस मामले में फिलहाल अधिकारिक पुष्टी सामने नहीं आई है.

Security lapse at BRICS का क्या है पूरा मामला?

‘द प्रिंट की रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल दीपक बांगर को 2026 BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान सुरक्षा ड्यूटी से हटाकर निलंबित कर दिया गया है. उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है. यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर सामने आए उन वीडियो के बाद हुई, जिनमें वह हथियारों के साथ नजर आ रहे थे.

द प्रिंट (ThePrint) की रिपोर्ट के अनुसार, दीपक बांगर BRICS सम्मेलन के दौरान एक संवेदनशील सुरक्षा स्थान पर रूफटॉप स्नाइपर के रूप में तैनात थे. उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियारों से जुड़े वीडियो पोस्ट किए गए थे, जिसके बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया.

इंस्टाग्राम वीडियो में क्या दिखाई दिया?

एक अन्य मीडिया संस्थान मिंट के मुताबिक, वीडियो में पुलिसकर्मी को BRICS Summit 2026 का पहचान पत्र पहने हुए और हथियार के साथ देखा गया. वीडियो फुटेज में वह होटल की छत से स्नाइपर राइफल की स्कोप का इस्तेमाल करते हुए दिखाई देता है.

रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि वीडियो में होटल परिसर और आसपास की इमारतें नजर आ रही थीं. इस वजह से सोशल मीडिया पर सुरक्षा ड्यूटी के दौरान इस तरह की रिकॉर्डिंग और उसे सार्वजनिक करने को लेकर सवाल उठे.वीडियो को लेकर जांच चल रही है.

दिल्ली पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

द प्रिंट की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने दीपक बांगर को BRICS सुरक्षा ड्यूटी से तत्काल हटा दिया और निलंबित कर दिया. उन्हें नॉर्थवेस्ट जिले में वापस भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है.

अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया, क्या उस समय पुलिसकर्मी ड्यूटी पर था और हथियार रखने की परिस्थितियां क्या थीं .

नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के लिए बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. BRICS शिखर सम्मेलन के लिए रुस , चीन समेत 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. सम्मेलन में विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी प्रतिनिधियों के शामिल होने के कारण होटल, आयोजन स्थल और महत्वपूर्ण मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी.

इंडियन एक्सप्रेस की 9 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, सम्मेलन की सुरक्षा के लिए लगभग 25,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, 100 से अधिक NSG कमांडो, एंटी-ड्रोन व्यवस्था और मॉक ड्रिल जैसी तैयारियां की गई थीं.

Latest news

Related news