BJP Gen-Z Outreach Campaign नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने युवा वोटर्स, खासकर जेन-जी यानी Gen Z को अपने साथ जोड़ने और उनकी सोच, जरूरतों तथा समस्याओं को समझने के लिए खास रणनीति तैयार की है. भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक में ‘युवा संवाद’ नाम से जेन-जी आउटरीच प्रोग्राम चलाने का फैसला लिया गया. इसके तहत पार्टी 14 से 25 साल की उम्र के युवाओं के बीच जाकर सीधे संवाद करेगी.
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में शनिवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई. बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के साथ संगठन को बूथ और जमीनी स्तर पर मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने तथा युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई.
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित नव-नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की परिचय बैठक के आरंभ में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। pic.twitter.com/STIKRNOGwO
— BJP (@BJP4India) August 22, 2026
BJP Gen-Z Outreach Campaign : ‘युवा संवाद’ से जेन-जी तक पहुंचेगी बीजेपी
भाजपा ने जेन-जी यानी नई पीढ़ी के युवा मतदाताओं से सीधे जुड़ने के लिए ‘युवा संवाद’ अभियान शुरू करने का फैसला किया है. इस अभियान के तहत पार्टी के नेता और पदाधिकारी युवाओं के बीच जाकर उनकी प्राथमिकताओं, रोजगार, शिक्षा, तकनीक, उद्यमिता और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे.
पार्टी की रणनीति के मुताबिक, अगले महीने से भाजपा के पदाधिकारी युवाओं के बीच पहुंचना शुरू कर सकते हैं. अभियान में 14 से 25 वर्ष की आयु के युवाओं को विशेष रूप से जोड़े जाने की योजना है.
इस पहल में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेताओं की भूमिका हो सकती है.
युवाओं की बदलती सोच पर बीजेपी का फोकस
भाजपा की नई रणनीति का मकसद सिर्फ युवाओं तक पार्टी की नीतियां पहुंचाना नहीं है, बल्कि उनकी समस्याओं और बदलती राजनीतिक सोच को सीधे समझना भी है. सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय जेन-जी के बीच रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप, डिजिटल अवसर, कौशल विकास और करियर जैसे मुद्दे अहम माने जाते हैं.
ऐसे में पार्टी का ‘युवा संवाद’ अभियान आगामी चुनावों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा
शनिवार को हुई बैठक में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी मंथन किया. पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया.
बैठक में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई. भाजपा का फोकस संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ-साथ अलग-अलग सामाजिक और युवा वर्गों तक पहुंच बढ़ाने पर है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम भाजपा मुख्यालय में पार्टी की नई टीम के सदस्यों से मुलाकात कर सकते हैं. नितिन नवीन ने 17 अगस्त को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था.
‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना
भाजपा की बैठक में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया गया. पार्टी ने कांग्रेस कार्यसमिति के उस फैसले की आलोचना की, जिसमें कांग्रेस के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ के शुरुआती दो छंदों को ही गाने का निर्णय लिया गया था.
भाजपा ने कहा कि छह छंदों वाला पूरा राष्ट्रगीत देश की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है. पार्टी ने इसके सम्मान की रक्षा करने और इसे सांप्रदायिक दबाव, राजनीतिक तुष्टीकरण अथवा वोट बैंक की राजनीति का विषय नहीं बनाने की बात कही.
भाजपा ने ‘वंदे मातरम’ की ऐतिहासिक विरासत और महत्व को देश के हर हिस्से तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने का भी निर्णय लिया है.
‘Modi@25’ अभियान पर भी हुई चर्चा
नई राष्ट्रीय टीम की बैठक में भाजपा के देशव्यापी ‘Modi@25’ अभियान पर भी चर्चा हुई. यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाया जा रहा है.
पार्टी इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन, राजनीतिक यात्रा और केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है.

