40 करोड़ पौधारोपण पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी भावुक चिट्ठी..बोले-हर पौधा बनेगा नए उत्तर प्रदेश की नींव

UP Plantation Campaign 2026 लखनऊ : उत्तर प्रदेश ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 40 करोड़ पौधारोपण का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम भावुक संदेश जारी करते हुए इसे जनभागीदारी, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति उत्तरदायित्व का प्रतीक बताया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सनातन संस्कृति से जुड़ा जनआंदोलन बन चुका है. उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण को जीवन के हर शुभ अवसर से जोड़ने का आह्वान किया.

UP CM Yogi Adityanath Letter
UP CM Yogi Adityanath Letter

UP Plantation Campaign 2026:’40 करोड़ पौधे नए उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य का प्रतीक’

सीएम योगी ने कहा कि 40 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य पूरा होना नए उत्तर प्रदेश की सामूहिक शक्ति,जनसंकल्प और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है. उन्होंने इसे प्रकृति और मानव के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम बताया.

भारतीय संस्कृति में वृक्षों का विशेष महत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सभ्यता को ‘अरण्य संस्कृति’ कहा जाता है. वनों में ही वेद, उपनिषद और अनेक महान ग्रंथों की रचना हुई तथा ऋषि-मुनियों ने लोकमंगल का चिंतन किया. उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने पीपल को अपना स्वरूप बताया है और आयुर्वेद के अनुसार प्रत्येक पौधे में औषधीय गुण विद्यमान हैं.

‘एक पेड़ मां के नाम’ बना जनआंदोलन

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से 2023 के बीच उत्तर प्रदेश के वन एवं वृक्ष आवरण में 3.38 लाख एकड़ की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है और प्रदेश का हरित आवरण बढ़कर 9.96 प्रतिशत तक पहुंच गया है.

उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में 280 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

हर शुभ अवसर पर पौधा लगाने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जन्मदिन, विवाह, बेटी की विदाई और अन्य शुभ अवसरों पर पौधा अवश्य लगाएं. उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के जन्मदिन पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आग्रह किया.

सीएम ने कहा कि बेटी की विदाई के अवसर पर पौधा लगाना स्नेह, स्मृति और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक बन सकता है.

‘हर पौधा बनेगा हरित उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन, कार्बन उत्सर्जन और जैव विविधता संरक्षण जैसी वैश्विक चुनौतियों का सबसे प्रभावी समाधान वृक्षारोपण है. उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक परिवार से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि हर पौधा हरित, सुरक्षित और समृद्ध उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव बनेगा.

Latest news

Related news