Wednesday, February 11, 2026

जबरन दरभंगा छात्रावास में छात्रों से मिले Rahul Gandhi, प्रशासन के रोकने पर बोले- प्राइवेट संस्थानों में आरक्षण लागू होने तक आगे बढ़ते रहेंगे

गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी Rahul Gandhi को बिहार के दरभंगा में डॉ अंबेडकर कल्याण छात्रावास में छात्रों से बातचीत करने की अनुमति नहीं दी गई. जिसके बाद राहुल जबरदस्ती पैदल ही छात्रावास पहुंचे और छात्रों को संबोधित किया. राहुल ने कहा, “भारत लोकतंत्र है, संविधान से चलता है, न कि तानाशाही से! हमें सामाजिक न्याय और शिक्षा के लिए आवाज़ उठाने से कोई नहीं रोक सकता.”

राहुल गांधी ने छात्रों से कहा, “मैं यहां आपसे बात करने और अपने दिल की बात कहने आया हूं. आप भी मुझसे अपने दिल की बात कह सकते हैं. यहां आने के दौरान प्रशासन ने मुझे रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन मैं आपसे मिलने के लिए पीछे के रास्ते से यहां आ गया.

जेडीयू और बीजेपी पर लगाया शिक्षा व्यवस्था तबाह करने का आरोप

छात्रावास में छात्रों से संवाद के दौरान राहुल गांधी ने जेडीयू और बीजेपी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा, “बिहार की JDU-BJP सरकार ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को तबाह कर दिया है. छात्रों को सुविधाओं के नाम पर सिर्फ झूठ और जुमले परोसे जा रहे हैं. ” नेता विपक्ष ने ‘शिक्षा न्याय संवाद’ में एक छात्र से बिहार की खोखली शिक्षा व्यवस्था पर बात की
राहुल गांधी ने कहा, “देश की 90% आबादी को अपनी ताकत समझनी होगी. आपका ध्यान भटकाकर आपको रोका जा रहा है. ब्यूरोक्रेसी, कॉर्पोरेट इंडिया, एजुकेशन सिस्टम, मेडिकल सिस्टम में इस 90% आबादी का कोई नहीं मिलेगा. लेकिन… अगर मनरेगा की लिस्ट निकालेंगे तो उसमें सिर्फ दलित, पिछड़ा और आदिवासी वर्ग के लोग मिलेंगे. सारे के सारे कांट्रैक्ट, सारा धन चंद लोगों के हाथ में जाता है और आपको उल्टी-सीधी बातें बताकर आपका ध्यान भटकाया जाता है, इसलिए आपको एक साथ खड़े होना है.

वो (मोदी सरकार) देश की 90% आबादी के ख़िलाफ़ हैं- Rahul Gandhi

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “हमने संसद में नरेंद्र मोदी से कहा कि आपको जातिगत जनगणना करानी होगी. हमने उनसे कहा कि आपको संविधान माथे से लगाना होगा. आख़िर में जनता के दबाव से उन्हें जातिगत जनगणना कराने का फ़ैसला करना पड़ा और संविधान को माथे से लगाना पड़ा. मगर वो लोकतंत्र, संविधान और जातिगत जनगणना के ख़िलाफ़ हैं. यहीं नहीं, वो देश की 90% आबादी के ख़िलाफ़ हैं. ये अडानी-अंबानी की सरकार है, यह आपकी सरकार नहीं है.“

प्राइवेट संस्थानों में आरक्षण लागू नहीं करेंगे, तब तक हम आगे बढ़ते जाएंगे, लड़ते जाएंगे-राहुल गांधी

“जैसे ये हमें यहां आने से नहीं रोक पाए, वैसे ही आगे भी नहीं रोक पाएंगे. जब तक ये प्राइवेट संस्थानों में आरक्षण लागू नहीं करेंगे, तब तक हम आगे बढ़ते जाएंगे, लड़ते जाएंगे. “ राहुल गांधी ने ये भी कहा कि, “देश में दलितों, पिछड़ों, अतिपिछड़ों और आदिवासियों के साथ 24 घंटे अन्याय होता है. आपके साथ भेदभाव होता है और आपको शिक्षा के सिस्टम में रोका जाता है. इसलिए हमारी मांग है: • सही तरीके से जातिगत जनगणना कराई जाए • प्राइवेट कॉलेज और यूनिवर्सिटी में आरक्षण लागू हो लेकिन नरेंद्र मोदी और बिहार सरकार ये कानून लागू नहीं कर रही है, इसलिए हम इनपर दबाव डालेंगे और ये करके दिखाएंगे. जैसे ये हमें यहां आने से नहीं रोक पाए, वैसे ही आगे भी नहीं रोक पाएंगे.”

ये भी पढ़ें-भारत पाकिस्तान लड़ते रहे और दुनिया में घट गई ये बड़ी घटनाएं

Latest news

Related news