गाजियाबाद। इंदिरापुरम क्षेत्र के न्यायखंड-3 में गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्थित झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में तीन झुग्गियां और उनमें रखा सारा घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयासों के बाद लपटों पर नियंत्रण पाया। राहत की बात यह रही कि जिस समय आग भड़की, उस वक्त झुग्गियों के अंदर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
त्योहारों के जाम के बीच दमकल की गाड़ियों को हुई मशक्कत
अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पांच नवंबर की रात वैशाली फायर स्टेशन को न्यायखंड-3 क्षेत्र में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दो बड़े वॉटर टैंकरों के साथ तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। हालांकि, त्योहारी सीजन के चलते शहर के मुख्य बाजारों और सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम था, जिसके कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी बाधाओं का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वैशाली केंद्र से तुरंत एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन (एफक्यूआरवी) भी रवाना किया गया तथा ट्रैफिक नियंत्रण कक्ष को मार्ग सुगम बनाने के लिए सूचित किया गया।
तीन परिवारों का सामान जलकर राख, कारण अज्ञात
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सौरभ सिंह ने बताया कि दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम से निकलकर शुक्र बाजार पार्क के सामने स्थित झुग्गियों में पहुंचकर तुरंत होज पाइप बिछाए और आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में राजस्थान के चित्तौड़ जिले के मूल निवासी विक्की, सत्य और सागर की झुग्गियां तथा उसमें रखा सारा गृहस्थी का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। अग्निशमन विभाग फिलहाल आग लगने के मुख्य कारणों की जांच कर रहा है, ताकि दुर्घटना की असली वजह का पता लगाया जा सके।

