उत्तराखंड में तय समय पर ही होगी जनगणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी टीम; 16 नवंबर से स्व-गणना शुरू

Census 2027 Uttarakhand देहरादून : भारत की जनगणना-2027 को लेकर जारी नई राजपत्र अधिसूचना के बाद उत्तराखंड में जनगणना की तारीखों को लेकर लोगों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है. इस बीच जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि प्रदेश में जनगणना का कार्य पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा. इसमें किसी तरह का बदलाव या स्थगन नहीं किया गया है.

जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में जनगणना-2027 का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा. इससे पहले नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी मिलेगी, जो 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी.

16 नवंबर से 30 नवंबर तक कर सकेंगे स्व-गणना

निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव के अनुसार, जनगणना की मुख्य प्रक्रिया शुरू होने से पहले नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प दिया जाएगा. इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक लोग अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे.

इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रदेश में जनगणना का निर्धारित कार्य किया जाएगा.

दूसरे राज्यों की अधिसूचना से न जोड़ें उत्तराखंड का कार्यक्रम

जनगणना निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि गैर-निर्वाचन राज्यों के लिए जारी नवीन राजपत्र अधिसूचना को उत्तराखंड के जनगणना कार्यक्रम से जोड़कर देखना सही नहीं है.

इसी अधिसूचना के चलते आमजन के बीच जनगणना की तारीखों को लेकर भ्रम की स्थिति बनी है. निदेशालय ने दोहराया है कि उत्तराखंड में पहले से निर्धारित कार्यक्रम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है.

भ्रामक खबरों से बचें, आधिकारिक सूचना पर ही करें भरोसा

जनगणना कार्य निदेशालय ने नागरिकों और संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि जनगणना-2027 को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें.

निदेशालय ने कहा है कि जनगणना से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें.

उत्तराखंड में जनगणना-2027 का निर्धारित कार्यक्रम:

  • स्व-गणना: 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026
  • मुख्य जनगणना कार्य: 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027
  • कार्यक्रम में बदलाव: कोई परिवर्तन या स्थगन नहीं

Latest news

Related news