भोपाल। यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब में रियाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित कई प्रमुख ठिकानों पर जारी हमलों के बाद खाड़ी देशों में हवाई सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई है। आठ से अधिक देशों की एयरलाइंस सहित भारत की इंडिगो और एयर इंडिया ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए रियाद की उड़ानें पूरी तरह से रद्द कर दी हैं। इसके चलते मध्य प्रदेश के भोपाल, शुजालपुर, सीहोर और रायसेन सहित विभिन्न जिलों से धार्मिक यात्रा (उमराह) पर गए 300 से अधिक लोग सऊदी अरब व अन्य खाड़ी देशों में फंस गए हैं और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महंगी होती उड़ानें और एयरलाइंस से मदद की गुहार
वापसी की उड़ानें रद्द होने के बाद प्रभावित यात्रियों ने भारत और मध्य प्रदेश सरकार से तत्काल सुरक्षित वापसी की अपील की है। उमराह पर गए यात्रियों का कहना है कि एयरलाइंस द्वारा उड़ानें रद्द करने के बावजूद उन्हें वैकल्पिक टिकट मुहैया नहीं कराई गई हैं। वहीं, अन्य एयरलाइंस के टिकटों के दाम 4 से 5 गुना तक बढ़कर 50 हजार से 1 लाख रुपये तक पहुंच गए हैं। यात्रियों ने बताया कि कई लोग अपनी जमा पूंजी से वहां रुकने को मजबूर हैं, जबकि स्थानीय टूर ऑपरेटर्स की क्षमता भी सीमित है। पीड़ितों ने केंद्र व राज्य सरकार से मदद के साथ-साथ एयरलाइंस कंपनियों से आर्थिक मुआवजे की मांग की है।

