सेलेना गोमेज़ की आवाज में बदलाव पर चर्चा, निकोटिन वेपिंग को लेकर उठे सवाल

लॉस एंजिल्स। लोकप्रिय पॉप सिंगर सेलेना गोमेज़ ने हाल ही में एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया है कि निकोटीन वेपिंग की लत के कारण उनकी आवाज हमेशा के लिए बदल गई है। 34 वर्षीय गायिका ने अपने प्रशंसकों को इस बुरी आदत से दूर रहने की हिदायत देते हुए कहा है कि इसे छोड़ना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है और अब उनकी आवाज पहले जैसी नहीं बची है।

इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस को दी चेतावनी

सेलेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर करते हुए अपने चाहने वालों से सीधे मुखातिब होकर कहा कि अत्यधिक निकोटीन वेप के इस्तेमाल ने उनकी आवाज को पूरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने माना कि वेपिंग की लत से बाहर निकलना काफी कठिन है, लेकिन उन्होंने युवाओं और अपने फैंस को चेतावनी दी कि यदि वे इस लत में फंसने की सोच भी रहे हैं, तो ऐसा बिल्कुल न करें। उन्होंने हंसते हुए यह भी कहा कि यदि लोगों को उनकी बदली हुई आवाज पसंद नहीं आ रही है, तो वे उनके गाने सुनना बंद कर सकते हैं। हालांकि, उन्हें पूरी उम्मीद है कि वे इस लत को हमेशा के लिए अलविदा कह देंगी।

वेपिंग सेहत और वोकल कॉर्ड्स के लिए बेहद खतरनाक

वेपिंग यानी ई-सिगरेट, वेप पेन या ई-हुक्का जैसे बैटरी चालित उपकरणों के जरिए किसी लिक्विड को गर्म कर उसकी भाप को फेफड़ों तक खींचना होता है। बहुत से लोगों में यह गलतफहमी है कि यह पारंपरिक सिगरेट से सुरक्षित है, जबकि वास्तविकता यह है कि वेपिंग के धुएं में निकोटीन के अलावा लेड, निकेल, टिन जैसी जहरीली भारी धातुएं और कई खतरनाक रसायन होते हैं। सांस के जरिए शरीर के अंदर जाने वाले ये तत्व सीधे गले और वोकल कॉर्ड्स (स्वरयंत्र) को नुकसान पहुंचाते हैं। इससे गला सूखने लगता है, अंदरूनी जलन होती है और आवाज की क्वालिटी तेजी से खराब होने लगती है।

सूजन और कर्कशता का कारण बनता है वेपिंग का धुआं

चिकित्सकीय शोध बताते हैं कि ई-सिगरेट का सेवन वोकल कॉर्ड्स की ऊपरी सतह पर सूजन पैदा कर सकता है। इससे नमी खत्म होने के कारण लगातार खांसी, गले में खराश और सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याएं पैदा होती हैं, जिससे आवाज की नली को भारी क्षति पहुँचती है और आवाज कर्कश व भारी हो जाती है। गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर 2025 में भी सेलेना ने अपने गले में सूजन की बात कही थी, लेकिन तब उन्होंने इसकी मुख्य वजह वेपिंग को नहीं बताया था।

Latest news

Related news