आजम खान से मुलाकात के बाद बोले अखिलेश यादव, ‘कोई सीट नहीं मांगी, सिर्फ सुझाव दिए’

Akhilesh Yadav Azam Khan Meeting : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज रामपुर जिला जेल पहुंचे और वरिष्ठ नेता आजम खान से करीब 45 मिनट तक मुलाकात की. जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई सीट नहीं मांगी है, बल्कि सिर्फ सुझाव दिए हैं, जिन्हें उन्होंने स्वीकार कर लिया है. अखिलेश ने इस मुलाकात को राजनीतिक की बजाय भावनात्मक बताया और कहा कि दोनों का रिश्ता बहुत पुराना है.

 भावनात्मक मुलाकात और स्वास्थ्य पर चर्चा

अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान पूरी तरह स्वस्थ हैं और वह उम्मीद करते हैं कि वह जल्द ही और स्वस्थ होकर बाहर आएं और उन्हें न्याय मिले. जेल में मुलाकात के बाद सपा प्रमुख ने आजम खान के घर जाकर उनकी पत्नी तंजीन फातिमा से भी मुलाकात की. इस दौरान उनके साथ आजम खान के बड़े बेटे अदीब भी मौजूद रहे.

बीजेपी पर साधा निशाना

मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को पढ़ाई-लिखाई से कोई लेना-देना नहीं है और यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने की साजिश रची गई है. शिक्षा के क्षेत्र को जितना नुकसान इस दौर में पहुंचाया गया है, उतना किसी सरकार या तानाशाह ने नहीं किया होगा. उन्होंने विश्वास जताया कि फर्जी मुकदमों में इतनी ताकत नहीं है कि वह सच्चाई को हमेशा कैद रख सकें.

पश्चिमी यूपी के सियासी समीकरणों के लिए अहम मुलाकात

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सियासी समीकरणों के लिहाज से अखिलेश यादव और आजम खान की यह मुलाकात काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. मुरादाबाद मंडल सहित पश्चिमी यूपी की कई सीटों पर सपा और आजम खान का अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है. जेल में होने के बावजूद पार्टी मामलों में उनका दखल और कद अब भी बरकरार है.

Latest news

Related news