जनता को बार-बार न लगाने पड़ें कार्यालयों के चक्कर: सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

CM Dhami in Dehradun देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और पात्र लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट तथा बाल विकास विभाग की महालक्ष्मी एवं किशोरी किट का वितरण किया.

CM Dhami in Dehradun: अधिकारियों को सख्त निर्देश, जनता को न हो परेशानी

शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं के समाधान में समय लगना आवश्यक हो, उसके संबंध में शिकायतकर्ता को स्पष्ट जानकारी दी जाए.

“आम जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की मुख्य जिम्मेदारी है। जनसमस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है।”

— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान को मिला अपार जनसमर्थन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है. प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज ‘विकसित भारत’ के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा दे रही है.

उन्होंने बताया कि पूर्व में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की, जिससे बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ और पात्र नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला.

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य केवल स्टॉल लगाना नहीं, बल्कि सरकार की योजनाओं और सेवाओं को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है. डबल इंजन सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को प्रमाणपत्र, पेंशन, राशन कार्ड और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें.

इस अवसर पर स्थानीय विधायक उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

Latest news

Related news