Shri Nankana Sahib CM Dhami नानकमत्ता : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नानकमत्ता पहुंचे. उन्होंने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इसके बाद मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में हिस्सा लिया और स्वयं साफ-सफाई कर श्रमदान किया.
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का मुख्य संदेश स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान न मानकर उसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर रह. उन्होंने लोगों से धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की.

Shri Nankana Sahib में सीएम धामी ने टेका मत्था
मुख्यमंत्री धामी ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट किया गया.
इसके बाद मुख्यमंत्री स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल हुए और स्वयं सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया.

‘स्वच्छता जीवनशैली का हिस्सा बने’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या सरकार का काम नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है.
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है. देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं. ऐसे में धार्मिक स्थलों के साथ-साथ पर्यटन स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखना जरूरी है.
बस अड्डों से अस्पतालों तक स्वच्छता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता का दायरा केवल मंदिर, गुरुद्वारे या अन्य धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं होना चाहिए. बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और दूसरे सार्वजनिक स्थानों पर भी नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने की जरूरत है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर और संस्थान के साथ आसपास के क्षेत्र को भी साफ रखने में योगदान दें.
सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को नई मजबूती मिली है.
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से उत्तराखंड में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है. अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में नानकमत्ता साहिब परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
अभियान तक सीमित नहीं रहे स्वच्छता का संकल्प
सीएम धामी ने कहा कि स्वच्छता को किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए. इसे लगातार जनभागीदारी के जरिए आगे बढ़ाने की जरूरत है. प्रत्येक नागरिक अगर अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की जिम्मेदारी निभाए तो इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है.
उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है.
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे.

