UPITS 2026 में छह देशों की धमक, ग्लोबल कंपनियों से बढ़ेगा यूपी का कारोबारी कनेक्शन

UP International Trade Show 2026 लखनऊ/ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 इस बार उत्तर प्रदेश के कारोबार और निवेश को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का बड़ा मंच बनने जा रहा है. 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले ट्रेड शो में वियतनाम, जापान, सिंगापुर, रूस, ऑस्ट्रिया और बेलारूस पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल होंगे.

पार्टनर देशों की कंपनियां अपने उत्पाद, तकनीक और कारोबारी समाधान प्रदर्शित करेंगी. साथ ही विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और उत्तर प्रदेश के उद्यमियों के बीच बी2बी बैठकें, कंट्री सेशन और राउंडटेबल जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं. इससे व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग के लिए नए कारोबारी संपर्क विकसित करने का अवसर मिलेगा.

UP International Trade Show:छह देशों की भागीदारी से बढ़ेगा अंतरराष्ट्रीय कनेक्ट

UPITS 2026 में छह देशों की भागीदारी उत्तर प्रदेश के लिए खास महत्व रखती है. पार्टनर कंट्री पवेलियन में अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां अपने उत्पाद और तकनीक पेश करेंगी.

उपलब्ध कार्यक्रम विवरण के अनुसार, वियतनाम, जापान, सिंगापुर, रूस और ऑस्ट्रिया के लिए अलग-अलग प्रदर्शनी क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं. इन पांच देशों से कुल 36 प्रदर्शकों और करीब 100 खरीदारों की प्रस्तावित भागीदारी बताई गई है. बेलारूस को भी पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल किया गया है और उसके प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री के संवाद तथा बी2बी गतिविधियां प्रस्तावित हैं.

सीएम योगी से विदेशी प्रतिनिधिमंडलों का संवाद

ट्रेड शो के दौरान विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संवाद के विशेष सत्र प्रस्तावित हैं. 25 सितंबर को विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं.

इन प्रतिनिधिमंडलों में राजदूत, हाई कमिश्नर, ट्रेड कमिश्नर, आर्थिक एवं वाणिज्यिक प्रतिनिधि और उद्योग जगत से जुड़े वरिष्ठ प्रतिनिधियों के शामिल होने का कार्यक्रम है.

इस मंच पर उत्तर प्रदेश के निवेश और औद्योगिक अवसरों के साथ विदेशी कंपनियों की संभावित कारोबारी साझेदारी पर चर्चा का रास्ता खुल सकता है.

वियतनाम के पवेलियन में एविएशन से ईवी तक

वियतनाम के पवेलियन में कई अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां हिस्सा लेंगी। इनमें एविएशन, पर्यटन, कृषि, फार्मास्युटिकल, कॉस्मेटिक, खाद्य, टेक्सटाइल, गारमेंट, हस्तशिल्प और इलेक्ट्रिक वाहन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

वियतनाम एयरलाइंस समेत पर्यटन, फार्मा और हेल्थ सेक्टर से जुड़ी कंपनियों की भागीदारी प्रस्तावित है। इससे उत्तर प्रदेश के कारोबारियों को विभिन्न क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ संभावित साझेदारी तलाशने का अवसर मिल सकता है।

जापान की तकनीक भी होगी आकर्षण का केंद्र

जापान के पवेलियन में तकनीक और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वाकॉम इंडिया, एयर एंड वॉटर इंडिया, आईटीओ एन, सुशी एंड मोर, कीटो इंडिया और टाइयो इंडिया जैसी कंपनियां अलग-अलग उत्पाद और समाधान पेश करेंगी।

इनमें सिग्नेचर डिवाइस, औद्योगिक गैस, जापानी चाय और खाद्य उत्पाद, लिफ्टिंग इक्विपमेंट तथा मशीनरी स्पेयर पार्ट्स जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JETRO) की ओर से निवेश और प्रमोशन नीतियों से जुड़ी जानकारी भी साझा की जाएगी।

सिंगापुर, रूस और ऑस्ट्रिया से मिलेंगे नए कारोबारी विकल्प

सिंगापुर की कंपनियां वीडियो सर्विलांस समाधान, सोल्डरिंग उपकरण और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े उत्पादों के साथ ट्रेड शो में भाग लेंगी.

रूस की भागीदारी में पेट्रोकेमिकल्स, औद्योगिक गैस, प्रयोगशाला उपकरण, डायग्नोस्टिक किट, ऑक्सीजन समाधान और भर्ती एवं स्टाफिंग सेवाओं से जुड़े क्षेत्र शामिल हैं.

वहीं ऑस्ट्रिया की कंपनियां फोर्कलिफ्ट एवं वर्कशॉप उपकरण, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्टेशन, डेकोरेटिव एवं लाइटिंग उत्पाद तथा मोबिलिटी और ट्रांसपोर्ट सिस्टम से जुड़े समाधान प्रदर्शित करेंगी.

B2B बैठकों से बनेंगे कारोबारी संपर्क

UPITS 2026 में बी2बी बैठकें उत्तर प्रदेश के उद्यमियों और विदेशी कारोबारियों के बीच सीधे संवाद का माध्यम बनेंगी. इन बैठकों में उत्पादों की जानकारी के साथ संभावित कारोबारी साझेदारी, तकनीकी सहयोग और निवेश से जुड़े विषयों पर बातचीत की संभावना रहेगी.

वियतनाम के लिए ‘इनोवेशन टेक्नोलॉजीज एंड टूरिज्म’ विषय पर कंट्री सेशन प्रस्तावित है. ऑस्ट्रिया की ओर से ‘लेवरेजिंग इंडियाज फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स फॉर ग्लोबल बिजनेस ग्रोथ’ विषय पर नॉलेज सेशन प्रस्तावित किया गया है.

ODOP और MSME को मिलेगा ग्लोबल बाजार से संपर्क

उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में एमएसएमई, पारंपरिक उद्योग और स्थानीय उत्पादों की बड़ी भूमिका है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो स्थानीय उद्यमियों को विदेशी खरीदारों और कंपनियों के साथ संपर्क बनाने का अवसर दे सकता है.

प्रदेश के विभिन्न जिलों के ODOP उत्पाद, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, कृषि आधारित उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्मित वस्तुओं को ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंचों के जरिए नए बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं बनती हैं.

UPITS 2026 में विदेशी कंपनियों और खरीदारों की भागीदारी से उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को अपने उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग और संभावित कारोबारी साझेदारी के लिए मंच मिलेगा.

‘लोकल से ग्लोबल’ कनेक्ट पर फोकस

UPITS 2026 में व्यापार, निवेश, तकनीक, पर्यटन और निर्यात को एक ही मंच पर जोड़ने की कोशिश की जा रही है. छह पार्टनर देशों की भागीदारी, विदेशी कंपनियों की प्रदर्शनी और प्रस्तावित बी2बी बैठकों के जरिए उत्तर प्रदेश के कारोबारियों के लिए अंतरराष्ट्रीय कारोबारी नेटवर्क से जुड़ने के नए अवसर सामने आएंगे.

ट्रेड शो का फोकस स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के साथ विदेशी कंपनियों के लिए उत्तर प्रदेश में कारोबारी और निवेश संभावनाओं को सामने रखने पर भी रहेगा.

Latest news

Related news