रसगुल्ला खाने के बाद दौड़ना पड़ा भारी, गिरने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत

Gaya News : बिहार के गया जिले में अलग-अलग हादसों में दो बच्चों की मौत से दो परिवारों में मातम छा गया. बोधगया थाना क्षेत्र में रसगुल्ला खाने के बाद दौड़ते समय गिरने से आठ वर्षीय बच्चे की हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. वहीं, अतरी थाना क्षेत्र में घास काटने गई 14 वर्षीय किशोरी पैर फिसलने के कारण कुएं में गिर गई। हादसे में उसकी भी जान चली गई.

दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है. अचानक हुए इन हादसों ने स्थानीय लोगों को भी झकझोर दिया है.

Gaya News: रसगुल्ला खाने के बाद दौड़ रहा था शिवम

पहली घटना बोधगया थाना क्षेत्र के सोनू बिगहा गांव की है. यहां रविवार रात आठ वर्षीय शिवम कुमार की मौत हो गई. शिवम गांव निवासी बच्चू यादव का बेटा था और दो बहनों का इकलौता भाई था.

परिजनों के मुताबिक, घर में रसगुल्ला रखा हुआ था. शिवम की मां ने उसे रसगुल्ला खाने से मना किया था. इसके बावजूद बच्चे ने रसगुल्ला खा लिया. इसके बाद वह मुंह में रसगुल्ला लेकर दौड़ने लगा।

इसी दौरान अचानक उसे ठोकर लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा. गिरने के बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी. परिजनों के अनुसार, रसगुल्ला उसके गले में फंस गया था.

अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी हालत

बच्चे की हालत बिगड़ती देखकर परिजन तत्काल उसे बोधगया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया.

सीएचसी की एंबुलेंस से शिवम को मगध मेडिकल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी हालत और बिगड़ गई. अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया.

शिवम की मौत की खबर जैसे ही परिवार को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई. मां-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दो बहनों के इकलौते भाई की अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

घास काटने गई किशोरी कुएं में गिरी

गया के अतरी थाना क्षेत्र में भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया. यहां घास काटने गई 14 वर्षीय किशोरी की कुएं में गिरने से मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि किशोरी घास काट रही थी. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरी. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किशोरी को बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन निकाल नहीं पाये और हादसे में उसकी जान चली गई. किशोरी की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

दो हादसों से गांवों में पसरा मातम

गया जिले में अलग-अलग जगहों पर हुई इन दोनों घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. एक परिवार ने अपने आठ वर्षीय बेटे को खो दिया, तो दूसरे परिवार की 14 वर्षीय बेटी हादसे का शिकार हो गई.

दोनों ही मामलों में परिवारों पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. गांवों में भी शोक का माहौल है। स्थानीय लोग दोनों परिवारों को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं.

इन घटनाओं ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. खासकर छोटे बच्चों के खाना खाते समय दौड़ने या खेलने जैसी गतिविधियों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है. वहीं, खुले और गहरे कुओं के आसपास सुरक्षा इंतजाम न होने पर हादसे का खतरा बना रहता है.

Latest news

Related news