प्रॉपर्टी डीलर देवेन्द्र का मर्डर, गले में गोली मारकर आरोपी मोहिन ने थाने में किया आत्मसमर्पण

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के देवली एक्सटेंशन इलाके में 10 लाख रुपये के वित्तीय विवाद के चलते एक फाइनेंसर ने 46 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर देवेंद्र गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोहिद (36) ने खुद दक्षिण जिले के तिगड़ी थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

गर्दन पर लगी गोली, अस्पताल में हुई मौत

दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना गुरुवार देर शाम की है। तिगड़ी थाने को गोलीबारी की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र गुप्ता की गर्दन पर गोली का घाव था। उन्हें तुरंत बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक खाली कारतूस बरामद किया है।

10 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मोहिद फाइनेंस का कारोबार करता था और उसने मृतक देवेंद्र गुप्ता को 10 लाख रुपये दे रखे थे। आरोप है कि देवेंद्र काफी समय से यह पैसे वापस नहीं लौटा रहा था, जिसके चलते रंजिश में इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया।

फोरेंसिक जांच और आगे की कार्रवाई

घटनास्थल का मुआयना करने के लिए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और गवाहों के बयानों, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

Latest news

Related news