गाजियाबाद (साहिबाबाद) | साहिबाबाद की वृंदावन गार्डन कॉलोनी में कार लोन के सत्यापन (वेरिफिकेशन) से इनकार करने पर एक युवती द्वारा अपने ही पिता और भाभी पर पिस्टल तानने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है. यह पूरी वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है.
वेरिफिकेशन के विवाद पर गाली-गलौज और हाथापाई
पीड़ित पिता हितेश तोमर के अनुसार, उनकी पुत्री प्रियंका तोमर बीते ढाई वर्षों से अलग रह रही थी. वह 8 सितंबर की शाम अपनी सहेली के साथ अचानक घर पहुंची और कार लोन का वेरिफिकेशन कराने की बात कही. पिता द्वारा मना करने पर युवती उग्र हो गई और उसने पिता व बीच-बचाव करने आई अपनी भाभी के साथ अभद्रता व हाथापाई शुरू कर दी. पड़ोसियों के जुटने पर वह उस समय चली गई.
दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुई और तानी पिस्टल
घटना के महज 25 मिनट बाद युवती अपनी सहेली संग फिर लौटी और मुख्य द्वार तोड़कर जबरन मकान के अंदर घुस गई. आरोप है कि उसने पिस्टल निकालकर पिता और भाभी पर तान दी और जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित परिजनों ने भागकर पहली मंजिल पर जाकर अपनी जान बचाई.
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
युवती द्वारा हथियार लहराने और दबंगई करने की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं. पीड़ित की शिकायत पर साहिबाबाद थाना पुलिस ने 9 सितंबर को आरोपी बेटी प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है. सहायक पुलिस आयुक्त अमित सक्सेना के मुताबिक, पुलिस टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी.

