पहलगाम में बादल फटने के बाद मची तबाही, बाढ़ में फंसे 6 लोगों की SDRF ने बचाई जान

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मौसम के बदलते मिजाज के बीच कई इलाकों में भारी तबाही और जनजीवन अस्त-व्यस्त होने की खबरें हैं। घाटी के पहलगाम में मंगलवार को अचानक बादल फटने से सैलाब जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे कई निचले इलाकों में स्थित मकानों, दुकानों और होटलों में पानी भर गया। वहीं, जम्मू संभाग के पुंछ और राजौरी जिलों में मूसलाधार बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं, जिसके कारण पुंछ में सुरक्षा के मद्देनजर सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है।

राजौरी में खांडली नदी के तेज बहाव से 6 लोग सुरक्षित निकाले गए

राजौरी जिले में खांडली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से 6 लोग तेज धारा के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सकुशल बाहर निकाला। बचाए गए लोगों में विक्रम सिंह (17), सतवीर सिंह, भोली देवी (45) के साथ-साथ अरमान शाह (11), जारा (5) और जोया (7) शामिल हैं।

माता वैष्णो देवी हेलीकॉप्टर सेवा ठप, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

खराब मौसम और घने बादलों के कारण कटड़ा से सांझीछत के बीच चलने वाली माता वैष्णो देवी हेलीकॉप्टर सेवा दिनभर बाधित रही। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों और श्रद्धालुओं को उफनते नदी-नालों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा न करने की सख्त सलाह जारी की है। उधर, कठुआ में बारिश के कारण बनी-बसोहली मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ है।

कटड़ा में 62 मिमी बारिश, श्रीनगर में तापमान 29.5 डिग्री

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बुधवार को कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा की संभावना है, लेकिन किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कटड़ा में सर्वाधिक 62.0 मिमी बारिश दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में दिन का तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि श्रीनगर में 29.5, पहलगाम में 22.7, बनिहाल में 28.2 और गुलमर्ग में 19.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

Latest news

Related news