उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद श्रावस्ती को ₹396 करोड़ से अधिक की लागत वाली 83 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है. इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचे, ग्रामीण सड़कों और जनसुविधाओं का विकास शामिल है. इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी अपराधियों पर जमकर गरजे. वहीं दूसरी ओर, उन्होंने सुल्तानपुर में हुए एक दर्दनाक तालाब हादसे का तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए.
श्रावस्ती बना इंस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट, माफिया स्वाहा
श्रावस्ती में जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में ‘मच्छर और माफिया’ का आतंक पूरी तरह खत्म हो चुका है. पिछड़ा या आकांक्षी जिला कहलाने वाला श्रावस्ती अब देश-दुनिया के लिए प्रेरणादायी जिला बनकर चमक रहा है. सीएम योगी ने स्थानीय माफिया छांगुर का जिक्र करते हुए कहा कि ‘कालनेमि’ की तरह छद्म वेश बदलने वाले अपराधियों को जेल में ठूंसा गया है और उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें स्वाहा कर दिया गया है. उन्होंने साफ चेतावनी दी, “अगर कोई बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाएगा, तो उसके लिए केवल दो ही जगह होगी- या तो जेल या फिर जहन्नुम.”
सुल्तानपुर हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख
दौरे के बीच, मुख्यमंत्री ने जनपद सुल्तानपुर के एक तालाब में बच्चों के डूबने की हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया. सीएम योगी ने इस हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है.
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के आला अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें हर संभव सरकारी सहायता तुरंत उपलब्ध करवाएं. इसके साथ ही, हादसे में घायल हुए बच्चों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
ये भी पढ़ें-सीएम योगी की बहराइच को ₹352 करोड़ की सौगात, दिया माफिया पर भी…

