गांवों से निकलेंगे IAS-PCS अफसर! योगी सरकार ने 32 जिलों की ग्राम पंचायतों में बनाई हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी

Yogi Government Digital Library : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराने के लिए बड़ी पहल की है. पहले चरण में प्रदेश के 32 जिलों की 11,350 ग्राम पंचायतों में हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की गई हैं. इन लाइब्रेरियों में छात्र-छात्राओं को 20 हजार से अधिक डिजिटल शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे गांव में रहकर ही IAS, PCS और अन्य सरकारी नौकरियों की तैयारी कर सकेंगे.

Yogi Government Digital Library:चार लाख रुपये की लागत से तैयार हुई हाईटेक लाइब्रेरी

सरकार ने प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण और संसाधनों पर लगभग 4 लाख रुपये खर्च किए हैं. इसमें करीब 2 लाख रुपये की पुस्तकें, 1.30 लाख रुपये के आईटी उपकरण और लगभग 70 हजार रुपये का आधुनिक फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है. इन लाइब्रेरियों को पारंपरिक और डिजिटल शिक्षा दोनों के अनुरूप विकसित किया गया है.

20 हजार डिजिटल कंटेंट से होगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह के अनुसार, डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए 20 हजार से अधिक ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर, ऑडियो कंटेंट और इंटरैक्टिव क्विज उपलब्ध कराए गए हैं. इसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित अध्ययन सामग्री देकर उनकी प्रतिस्पर्धी क्षमता को मजबूत करना है.

हजारों ग्राम पंचायतों में पूरी हुई व्यवस्था

योजना के तहत अब तक 10,406 ग्राम पंचायतों में पुस्तकों की आपूर्ति पूरी हो चुकी है, जबकि 9,372 ग्राम पंचायतों में आधुनिक फर्नीचर उपलब्ध कराया जा चुका है. शेष ग्राम पंचायतों में भी चरणबद्ध तरीके से डिजिटल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं.

ग्राम प्रधान और सचिव करेंगे संचालन

डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव की देखरेख में किया जाएगा. वहीं संबंधित सहायक अधिकारी नियमित रूप से इसकी निगरानी करेंगे, ताकि विद्यार्थियों को सभी सुविधाएं सुचारु रूप से मिलती रहें.

इन प्रतियोगी परीक्षाओं की होगी तैयारी

इन डिजिटल लाइब्रेरियों में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से छात्र-छात्राएं भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), प्रांतीय सिविल सेवा (PCS), पुलिस, बैंकिंग, रेलवे, एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। इससे ग्रामीण छात्रों को कोचिंग और अध्ययन सामग्री के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इन 32 जिलों में 100% पहुंची पुस्तकें और फर्नीचर

पहले चरण में अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, सुल्तानपुर, अमेठी, आगरा, कानपुर देहात, गौतम बुद्ध नगर, बांदा, गाजियाबाद, शाहजहांपुर, देवरिया, हरदोई, शामली, एटा, सहारनपुर, फिरोजाबाद, कौशांबी, प्रतापगढ़, वाराणसी, ललितपुर, अमरोहा, कासगंज, इटावा, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर, श्रावस्ती, रामपुर, लखीमपुर खीरी, जौनपुर, संभल और उन्नाव की ग्राम पंचायतों में पुस्तकों और आधुनिक फर्नीचर की 100 प्रतिशत आपूर्ति पूरी की जा चुकी है.

योगी सरकार का मानना है कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा को नई दिशा देगी और गांवों के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं सहित अन्य सरकारी नौकरियों में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी.

Latest news

Related news